बैतूल 30 June (Rns) । मध्य प्रदेश के बैतूल जिले के चिचोली थाना क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश के बीच एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। चंपा नदी का उफान दो ग्रामीणों की जान ले गया। दोनों युवक बाइक से घर लौट रहे थे और पानी में डूबे रपटे को पार करने की कोशिश के दौरान तेज बहाव में बह गए। मंगलवार सुबह उनके शव घटना स्थल से करीब एक किलोमीटर दूर नदी किनारे झाड़ियों में फंसे मिले।
जानकारी के अनुसार, सिप्लाई गांव निवासी 42 वर्षीय राजेश बिहारे और 40 वर्षीय दद्दू धुर्वे सोमवार शाम देवपुर से अपने गांव लौट रहे थे। इस दौरान चंपा नदी का जलस्तर लगातार बढ़ने से रपटा पूरी तरह पानी में डूब चुका था। मौके पर मौजूद लोगों ने दोनों को कुछ देर रुककर पानी कम होने का इंतजार करने की सलाह भी दी, लेकिन उन्होंने बहते पानी के बीच से बाइक निकालने का प्रयास किया। इसी दौरान तेज बहाव उन्हें बाइक समेत बहाकर ले गया।
घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने रातभर दोनों की तलाश की, लेकिन अंधेरा और तेज बहाव के कारण सफलता नहीं मिली। मंगलवार सुबह कुंवर देव टेकड़ा के पास नदी किनारे झाड़ियों में दोनों के शव दिखाई दिए। सूचना पर चिचोली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चिचोली भेजा

