0 नौकरी दिलाने के नाम पर महिला गिरफ्तार
बालोद, 30 जून (आरएनएस)। बालोद जिले में नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी करने वाली एक महिला को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। आरोपी महिला खुद को छत्तीसगढ़ शासन के मुख्य सचिव का परिचित बताकर बेरोजगार युवाओं को सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा देती थी।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान लता धीवर (36 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक-5, बालोद के रूप में हुई है। उसने कई लोगों को कृषि विभाग और जिला अस्पताल में नौकरी लगवाने का भरोसा दिलाकर उनसे बड़ी रकम वसूली थी।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी महिला ने अब तक सात लोगों से कुल 25 लाख 50 हजार रुपये की ठगी की है। हाल ही में तीन पीडि़तों से नौकरी लगाने के नाम पर 5 लाख 50 हजार रुपये लिए गए थे। लंबे समय तक नौकरी नहीं मिलने पर पीडि़तों को संदेह हुआ और उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपी ने ठगी से प्राप्त पूरी रकम अपने पास रखने के बजाय अपने एक सहयोगी द्वारा उपलब्ध कराए गए बैंक खाते में ट्रांसफर की थी। पुलिस अब उस बैंक खाते और आरोपी के सहयोगी की तलाश कर रही है।
पीडि़तों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लता धीवर को गिरफ्तार किया। न्यायालय में पेश किए जाने के बाद उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और इस ठगी गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है।
0
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

