दुर्ग, 30 जून (आरएनएस)। दुर्ग पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए भिलाई के खुर्सीपार क्षेत्र से एक युवक को 4 किलो 198 ग्राम अवैध गांजा के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से गांजा, बिक्री की नकदी और एक एक्टिवा वाहन जब्त किया है।
पुलिस के अनुसार, थाना खुर्सीपार को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ट्रांसपोर्ट नगर रोड स्थित बिहारी मोहल्ला के सामने नहर पार एक युवक गांजा बेच रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस को देखकर आरोपी भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन उसे पकड़ लिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम हरिशंकर यादव उर्फ जुगनु यादव (24 वर्ष) निवासी दुर्गा मंदिर के पास, खुर्सीपार, भिलाई बताया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 4 किलो 198 ग्राम गांजा, 300 रुपये बिक्री रकम तथा एक एक्टिवा वाहन बरामद किया गया। जब्त सामग्री की कुल अनुमानित कीमत करीब 2 लाख 300 रुपये बताई गई है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना खुर्सीपार में अपराध क्रमांक 245/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(ख) एवं 27ए के अंतर्गत मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि मादक पदार्थों के अवैध कारोबार या किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी तथा दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।
0

