कोण्डागांव, 30 जून (आरएनएस)। फरसगांव तहसील कार्यालय में एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए तहसीलदार के रीडर मुकेश रंगारी को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। इस कार्रवाई के बाद तहसील कार्यालय में हड़कंप मच गया और कर्मचारियों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के मुताबिक, ग्राम पाटला निवासी बिसुलाल नेताम ने एसीबी से शिकायत की थी कि नामांतरण प्रकरण में उसके पिता और बुआ का नाम दर्ज कराने के एवज में तहसीलदार के रीडर मुकेश रंगारी ने 70 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी। शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने मामले का सत्यापन किया और ट्रैप की योजना तैयार की।
बताया जा रहा है कि शिकायतकर्ता पहले ही आरोपी को दो किश्तों में 15 हजार और 20 हजार रुपये, कुल 35 हजार रुपये दे चुका था। मंगलवार को जब शिकायतकर्ता तीसरी किश्त के रूप में 10 हजार रुपये देने पहुंचा, तभी पहले से घात लगाए बैठी एसीबी की टीम ने मुकेश रंगारी को रिश्वत लेते रंगे हाथ दबोच लिया।
कार्रवाई के दौरान एसीबी ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मौके से रिश्वत की रकम जब्त कर आवश्यक दस्तावेजों की जांच की जा रही है। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।0
0
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

