0 बलरामपुर पुलिस ने यूपी से दबोचा
बलरामपुर-रामानुजगंज, 30 जून (आरएनएस)। बलरामपुर जिले की रघुनाथनगर पुलिस ने नाबालिग को बहला-फुसलाकर ले जाने और उसके साथ दुष्कर्म करने के आरोप में उत्तर प्रदेश निवासी एक युवक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, पीडि़ता के मामा ने थाना रघुनाथनगर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनकी नाबालिग भांजी पिछले तीन-चार वर्षों से उनके घर रहकर पढ़ाई कर रही थी। 26 जून की रात खाना खाने के बाद वह घर में सोई थी, लेकिन देर रात वह घर से लापता हो गई। परिजनों ने रिश्तेदारों और आसपास उसकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिलने पर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत के आधार पर थाना रघुनाथनगर में अपराध क्रमांक 70/2026 दर्ज कर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। पतासाजी के दौरान पुलिस ने 28 जून को नाबालिग को बीजपुर, जिला सोनभद्र (उत्तर प्रदेश) से सकुशल बरामद किया।
न्यायालय के समक्ष दर्ज कराए गए पीडि़ता के बयान के आधार पर मामले में अन्य विधिक धाराएं जोड़ी गईं। पुलिस जांच में सामने आए साक्ष्यों के आधार पर अभिषेक उरांव (18 वर्ष 25 दिन), निवासी बीजपुर, थाना बीजपुर, जिला सोनभद्र (उत्तर प्रदेश) को उसके घर से हिरासत में लिया गया।
पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने 30 जून को आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। मामले की आगे की विवेचना जारी है।
0

