रायपुर,22 जून (आरएनएस)। जिले के तिल्दा-नेवरा क्षेत्र के ग्राम सिर्वे में एक 35 वर्षीय युवक ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। प्रारंभिक जांच में घरेलू विवाद और शराब की लत को आत्महत्या का संभावित कारण माना जा रहा है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, ग्राम सिर्वे निवासी मोतीराम वर्मा (35) ड्राइवरी का काम करता था। बताया जा रहा है कि वह अत्यधिक शराब पीने का आदी था, जिसके चलते उसका अपनी पत्नी से अक्सर विवाद होता रहता था। रविवार शाम भी कथित तौर पर शराब के नशे में उसका पत्नी से विवाद हुआ। आरोप है कि विवाद के दौरान उसने पत्नी के साथ मारपीट की, जिससे महिला के सिर में गंभीर चोट आई और उपचार के दौरान उसे टांके लगाने पड़े।
घटना के बाद महिला ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझाइश देकर लौट गई।
सोमवार को मोतीराम अपने कमरे से बाहर नहीं निकला। परिजनों ने पहले यह समझा कि वह शराब के नशे में सो रहा है, लेकिन देर शाम तक कमरे से कोई हलचल नहीं होने पर उन्होंने दरवाजा खटखटाया। अंदर से कोई जवाब नहीं मिलने पर परिजनों ने रोशनदान से झांककर देखा, जहां मोतीराम कमरे के भीतर फांसी के फंदे पर लटका मिला।
इसके बाद परिजनों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में आगे की जांच जारी है।
0
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

