महासमुंद, 30 जून (आरएनएस)। जिले की बलौदा पुलिस ने सार्वजनिक स्थान पर धारदार हथियार लहराकर लोगों में दहशत फैलाने वाले एक युवक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। आरोपी के कब्जे से एक हंसिया भी जब्त किया गया है।
पुलिस के अनुसार, 29 जून को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम बलौदा स्थित गायत्री चिकित्सालय के पास एक युवक धारदार हथियार (हंसिया) लहराकर राहगीरों को डरा-धमका रहा है। सूचना मिलते ही थाना बलौदा पुलिस मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर आरोपी को हिरासत में ले लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम विकाश भोई (21 वर्ष) निवासी ग्राम बलौदा, जिला महासमुंद बताया। पुलिस ने उसके कब्जे से एक धारदार हंसिया बरामद किया।
आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 39/2026 के तहत आम्र्स एक्ट की धारा 25 एवं 27 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया। आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए असामाजिक तत्वों के विरुद्ध इस तरह की सख्त कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।
0
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

