सारंगढ़-बिलाईगढ़ 30 जून (आरएनएस ) जिले में अवैध खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ प्रशासन ने अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई करते हुए खनिज माफियाओं की कमर तोड़ने वाला अभियान चलाया है। कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी पद्मिनी भोई साहू के सख्त निर्देश पर खनिज विभाग की टीम ने लगातार 26 से 30 जून तक जिलेभर में छापेमारी कर अवैध कारोबारियों पर शिकंजा कस दिया। कार्रवाई के बाद खनिज कारोबार में हड़कंप मच गया है।
खनिज विभाग की टीम ने सारंगढ़, सरिया और बरमकेला क्षेत्र में व्यापक जांच अभियान चलाया। जांच के दौरान नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर 8 स्वीकृत भंडारण एवं क्रेशर इकाइयों तथा 1 स्वीकृत उत्खनन पट्टा को जप्त कर सील कर दिया गया। प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि अवैध कारोबार किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

इन क्रेशर और भंडारण केंद्रों पर गिरी गाज
कार्रवाई के दौरान निम्न प्रतिष्ठानों को छत्तीसगढ़ खनिज (खनन, परिवहन एवं भंडारण) नियम 2009 के तहत सील किया गया—
(1) मेसर्स सिंघल क्रशर उद्योग (प्रो. गोपाल प्रसाद अग्रवाल) (2) मेसर्स गणपति ग्रामोद्योग (प्रो. रमेश छपारिया) (3) मेसर्स जय मां शारदा मिनरल्स (प्रो. हिमांशु अग्रवाल) (4) मेसर्स मंगल क्रशर उद्योग (प्रो. दीपक अग्रवाल) (5) मेसर्स श्री सालासर इंटरप्राइजेज (प्रो. प्राची बेरीवाल) (6)मेसर्स हरिओम मिनरल्स (प्रो. शत्रुघन लाल अग्रवाल) (7) मेसर्स मां अंबे स्टोन क्रेशर (प्रो. निरजा अग्रवाल) (8)मेसर्स श्री श्याम मिनरल्स (प्रो. पूनम देवी अग्रवाल)
इसके अलावा मेसर्स बाबा मिनरल्स, गुड़ेली (प्रो. राजेश अग्रवाल) के स्वीकृत उत्खनन पट्टे में छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम 2015 एवं पर्यावरणीय शर्तों के उल्लंघन मिलने पर जप्ती की कार्रवाई कर उसे भी सील कर दिया गया। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
10 वाहन भी जब्त, थाने में खड़े कराए गए
सरिया तहसील में मंगलवार को हुई कार्रवाई के दौरान टीम ने डोलोमाइट का अवैध परिवहन करते दो हाइवा (CG-13-AX-0311 एवं CG-13-BK-5842) और साधारण रेत का अवैध परिवहन करते 8 ट्रैक्टर पकड़कर जब्त किए। सभी वाहनों को सुरक्षा की दृष्टि से थाना सरिया में खड़ा कराया गया है।
यह कार्रवाई छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम 2015 तथा खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 की धारा 21 के तहत की गई है।
प्रशासन का साफ संदेश
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। नियमों की अनदेखी करने वाले किसी भी व्यक्ति, फर्म या संस्था को बख्शा नहीं जाएगा। कलेक्टर के निर्देश पर खनिज विभाग की टीमें लगातार निगरानी कर रही हैं और संदिग्ध क्षेत्रों में छापेमारी जारी रहेगी।

