New Delhi 30 June (Rns) /- दिल्ली सरकार की नई इलेक्ट्रिक वाहन (ईवी) पॉलिसी-2026 को कैबिनेट मंजूरी मिलने के बाद मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इसे राजधानी को देश की सबसे बड़ी जीरो एमिशन मोबिलिटी कैपिटल बनाने की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह नीति प्रदूषण कम करने, आधुनिक परिवहन व्यवस्था विकसित करने और नागरिकों को आर्थिक लाभ पहुंचाने के तीनों लक्ष्यों को एक साथ पूरा करेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि नई ईवी पॉलिसी केवल इलेक्ट्रिक वाहन खरीद को बढ़ावा देने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह स्वच्छ ऊर्जा, पर्यावरण संरक्षण और भविष्य की परिवहन व्यवस्था का व्यापक रोडमैप है।
नीति के तहत चरणबद्ध तरीके से पेट्रोल-डीजल वाहनों की जगह इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा दिया जाएगा। इससे ईंधन खर्च कम होगा और राजधानी में प्रदूषण के स्तर को नियंत्रित करने में मदद मिलेगी। नीति तैयार करने के लिए ग्रुप ऑफ मिनिस्टर्स, परिवहन विभाग, विभिन्न सरकारी विभागों, उद्योग जगत और विशेषज्ञों के साथ व्यापक विचार-विमर्श किया गया। सभी सुझावों को शामिल करते हुए ऐसी व्यवस्था तैयार की गई है, जो आम नागरिकों के लिए सुविधाजनक और भविष्य की जरूरतों के अनुरूप हो

