पंजाबी सिनेमा की लोकप्रिय फिल्म श्रृंखला कैरी ऑन जट्टा की चौथी कड़ी कैरी ऑन जट्टा 4 बॉक्स ऑफिस पर लगातार शानदार प्रदर्शन कर रही है। अभिनेता गिप्पी ग्रेवाल, सरगुन मेहता और बिन्नू ढिल्लों अभिनीत इस फिल्म ने सप्ताह के पहले कार्यदिवस यानी सोमवार की परीक्षा भी सफलतापूर्वक पार कर ली है। अन्य बड़ी फिल्मों से मुकाबले के बावजूद दर्शकों का अच्छा समर्थन मिलने से फिल्म की कमाई लगातार बढ़ रही है।
रिलीज के शुरुआती तीन दिनों में शानदार प्रदर्शन करने के बाद सोमवार को फिल्म की कमाई में सामान्य गिरावट दर्ज की गई, लेकिन इसके बावजूद फिल्म ने संतोषजनक कारोबार किया। ट्रेड रिपोर्ट के अनुसार फिल्म ने रिलीज के चौथे दिन यानी सोमवार को करीब 1.40 करोड़ रुपये का कारोबार किया। इसके साथ ही चार दिनों में फिल्म का कुल बॉक्स ऑफिस संग्रह 9.20 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।
शाहिद कपूर, कृति सेनन और रश्मिका मंदाना अभिनीत कॉकटेल 2 दूसरे सप्ताहांत में भी शानदार प्रदर्शन करने में सफल रही। फिल्म ने दूसरे शनिवार को 4.25 करोड़ रुपये और रविवार को 4.40 करोड़ रुपये का कारोबार किया।
सोमवार को कमाई में सामान्य गिरावट के बावजूद फिल्म ने 1.75 करोड़ रुपये का संग्रह किया। इसके साथ ही रिलीज के 11 दिनों में फिल्म का कुल बॉक्स ऑफिस कलेक्शन 84.89 करोड़ रुपये पहुंच गया है। फिल्म तेजी से 100 करोड़ रुपये के क्लब की ओर बढ़ रही है।
सामंथा रुथ प्रभु अभिनीत मां इंति बंगारम भी दर्शकों की पसंद बनी हुई है। फिल्म ने पहले सप्ताह में 33.70 करोड़ रुपये का कारोबार किया था। इसके बाद दूसरे सप्ताहांत में भी इसकी कमाई मजबूत रही।
दूसरे सोमवार को फिल्म ने 1.60 करोड़ रुपये का कारोबार किया, जिससे इसका 11 दिनों का कुल भारतीय नेट कलेक्शन 49.85 करोड़ रुपये हो गया है। फिल्म जल्द ही 50 करोड़ रुपये के आंकड़े को पार करने की ओर बढ़ रही है।
निर्देशक इम्तियाज अली की फिल्म मैं वापस आऊंगा तीसरे सप्ताह में भी बॉक्स ऑफिस पर मजबूती से टिकी हुई है। नई फिल्मों की रिलीज के बावजूद फिल्म ने अपनी पकड़ बनाए रखी है।
रिलीज के 18वें दिन यानी तीसरे सोमवार को फिल्म ने 1.50 करोड़ रुपये का कारोबार किया। इसके साथ ही फिल्म का कुल बॉक्स ऑफिस संग्रह 47.80 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

