महासमुंद,01 जुलाई (आरएनएस)। छत्तीसगढ़ की महासमुंद पुलिस ने अंतरराज्यीय गांजा तस्करी नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 4.56 करोड़ रुपये की गांजा तस्करी के मुख्य सप्लायर को ओडिशा से गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, 912.760 किलोग्राम गांजा की इस खेप का मुख्य सप्लायर मिश्रो नायक (28), निवासी कंधमाल (ओडिशा) को 1 जुलाई को बालिगुड़ा से गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के मुताबिक, 17 अप्रैल 2026 को बसना थाना पुलिस ने पलसापाली बैरियर पर नाकाबंदी के दौरान एक आयशर मालवाहक ट्रक को पकड़ा था। ट्रक में कच्चे केले की आड़ में 29 प्लास्टिक बोरियों में छिपाकर 912.760 किलो गांजा उत्तर प्रदेश भेजा जा रहा था। तस्कर पुलिस को चकमा देने के लिए वाहन पर फर्जी नंबर प्लेट का भी इस्तेमाल कर रहे थे।
जांच के दौरान तकनीकी विश्लेषण और गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर पूरे तस्करी नेटवर्क का खुलासा हुआ। पुलिस ने पहले इस मामले के मास्टरमाइंड विनय शर्मा उर्फ पंडित जी, मुख्य बिचौलिया रामजी ठाकुर, गांजा सप्लायर रमाकांत बेहरा और बबलू नायक तथा वाहन चालक अब्दुल नईम को गिरफ्तार किया था। अब मुख्य सप्लायर मिश्रो नायक की गिरफ्तारी के साथ पुलिस ने तस्करी नेटवर्क की अहम कड़ी भी जोड़ ली है।
पुलिस का दावा है कि इस कार्रवाई से ओडिशा से उत्तर प्रदेश तक फैले अंतरराज्यीय गांजा तस्करी सिंडिकेट को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया है। मामले में पहले ही 912.760 किलोग्राम गांजा, आयशर मालवाहक वाहन और चार फर्जी नंबर प्लेट जब्त की जा चुकी हैं, जिनकी कुल अनुमानित कीमत 4 करोड़ 56 लाख। 38 हजार रुपये आंकी गई है।
महासमुंद पुलिस का कहना है कि नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ ‘सोर्स से लेकर डेस्टिनेशन तकÓ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी जांच की जा रही है।
०००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

