रायपुर,01 जुलाई )आरएनएस)। राजधानी रायपुर के आमानाका थाना क्षेत्र स्थित सरोना की कम्पोजिट विदेशी शराब दुकान में हुई लाखों रुपये की चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और आमानाका थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में राजस्थान के 4 अंतरराज्यीय आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। मामले में एक अन्य आरोपी अब भी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।
पुलिस के मुताबिक, 14 जून 2026 की सुबह शराब दुकान का ताला टूटा मिला। जांच करने पर पता चला कि चोर दुकान का लॉकर ही उखाड़कर ले गए, जिसमें 7,05,580 रुपये की बिक्री राशि रखी थी। इसके अलावा करीब 10,820 रुपये मूल्य की शराब और सीसीटीवी कैमरे का डीवीआर भी चोरी कर लिया गया था।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष टीम गठित की। करीब 15 दिनों तक सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों के फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया गया। जांच के दौरान आरोपियों की लोकेशन राजस्थान के बांसवाड़ा जिले में मिली, जिसके बाद पुलिस टीम ने वहां दबिश देकर चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि उनके एक साथी ने पहले रायपुर आकर शराब दुकान की रेकी की थी। इसके बाद सभी आरोपी योजना बनाकर चारपहिया वाहन से रायपुर पहुंचे और चोरी की वारदात को अंजाम देकर वापस राजस्थान फरार हो गए।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पवन कुमार पाटीकर, प्रकाश मईडा, सुनील चरपोटा और राम सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी की नगदी 2 लाख रुपये, वारदात में इस्तेमाल वाहन और 4 मोबाइल फोन समेत करीब 15.50 लाख रुपये का मशरूका बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, सभी आरोपी शातिर अपराधी हैं और इनके खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, चोरी, नारकोटिक्स एक्ट और मारपीट जैसे गंभीर अपराधों के मामले दर्ज हैं। पुलिस अब फरार आरोपी की तलाश के साथ-साथ आरोपियों के अन्य राज्यों में आपराधिक नेटवर्क की भी जांच कर रही है।
मामले में आमानाका थाना में भारतीय न्याय संहिता (क्चहृस्) की धारा 331(4), 305 और 3(5) के तहत अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
०००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

