रायपुर, 01 जुलाई (आरएनएस)। राजधानी रायपुर में शादी का झांसा देकर एक सेवानिवृत्त टेक्नीशियन से 9.50 लाख रुपये की ऑनलाइन ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और आजाद चौक थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में ओडिशा के तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, प्रार्थी मनहरण टिकरिहा की पहचान दिल्ली के एक मैरिज ब्यूरो के माध्यम से खुद को कोरबा निवासी और रेलवे इंजीनियर से सेवानिवृत्त बताने वाली रजनी शर्मा नाम की महिला से हुई थी। बातचीत के दौरान महिला ने शादी का भरोसा दिलाया और फिर पारिवारिक कार्यक्रम, दुर्घटना, इलाज समेत विभिन्न बहाने बनाकर अलग-अलग किश्तों में करीब 9.50 लाख रुपये अपने बैंक खातों में जमा करा लिए। रकम मिलने के बाद महिला ने अपना मोबाइल बंद कर दिया।
शिकायत मिलने पर आजाद चौक थाना में भारतीय न्याय संहिता (क्चहृस्) की धारा 318(4), 111(1), 3(5) तथा आईटी एक्ट की धारा 66-डी के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने मोबाइल नंबरों और बैंक खातों का तकनीकी विश्लेषण किया, जिससे आरोपियों की लोकेशन ओडिशा के बलांगीर जिले में मिली।
इसके बाद पुलिस टीम ने ओडिशा में दबिश देकर जसवंत डूण्डी, मनोज राणा और यश नायक को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर ठगी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से मामले से संबंधित तीन मोबाइल फोन जब्त किए हैं। फिलहाल फरार आरोपियों की तलाश जारी है और पूरे साइबर ठगी नेटवर्क की जांच की जा रही है।
०००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

