गरियाबंद,1 जुलाई (आरएनएस)। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में नेशनल हाईवे-130सी पर बुधवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में 19 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा पांडुका थाना क्षेत्र के सरकड़ा के पास हुआ।
जानकारी के अनुसार, रजनकट्टा निवासी गेंद विश्वकर्मा (19 वर्ष) अपने साथी तिजेश्वर साहू (19 वर्ष) के साथ बाइक पर जा रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि गेंद विश्वकर्मा सड़क किनारे जा गिरा और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं तिजेश्वर साहू गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना की सूचना मिलने पर पांडुका थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल भेजा। वहीं मृतक के शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण किसी अज्ञात भारी वाहन की टक्कर माना जा रहा है। पुलिस घटनास्थल के आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और फरार वाहन की तलाश शुरू कर दी गई है। मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है।
०००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

