गरियाबंद 1 जुलाई 2026 (आरएनएस) उड़ीसा से छत्तीसगढ़ में खपाने लाई जा रही लाखों रुपये की गांजा खेप पुलिस के शिकंजे में फंस गई। अलग-अलग चार मामलों में लगातार कार्रवाई करते हुए गरियाबंद पुलिस ने 81.374 किलोग्राम अवैध गांजा, चार वाहन और 13 मोबाइल फोन जब्त कर 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
गरियाबंद जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार अलग-अलग मामलों का खुलासा किया है। पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर के निर्देश पर जिले के सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्र में अवैध गांजा के परिवहन और बिक्री पर प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे। इसी अभियान के दौरान सक्रिय मुखबिर तंत्र से सूचना मिली कि उड़ीसा से गांजा खरीदकर अलग-अलग कारों और मोटरसाइकिलों के जरिए बिक्री के लिए परिवहन किया जा रहा है। सूचना मिलते ही थाना देवभोग, इंदागांव और पायलीखण्ड (जुगाड़) पुलिस ने संयुक्त रणनीति बनाकर अलग-अलग स्थानों पर सघन वाहन जांच शुरू की और तस्करों को दबोच लिया।
पहली कार्रवाई थाना देवभोग पुलिस ने अंतरराज्यीय चेक पोस्ट खुटगांव में की। वाहन जांच के दौरान कार क्रमांक CG 08 AA 2218 की तलाशी लेने पर प्लास्टिक की बोरी में 8 किलो 100 ग्राम गांजा मिला। इसके बाद दूसरी कार MH 51 A 2012 की तलाशी में 40.200 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। इस कार्रवाई में पुलिस ने जितेन्द्र बोलकेकर (41 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 62, इंदिरा चौक, गिरौद नीलाई, नेवरे, जिला दुर्ग (छत्तीसगढ़), परसू राम पोड़ (35 वर्ष), निवासी ग्राम एवं थाना आरस्ता, जिला सांगली (महाराष्ट्र) तथा पंकज वाघमोडे (34 वर्ष), निवासी ग्राम कोकलेरु, थाना एवं जिला सांगली (महाराष्ट्र) को गिरफ्तार किया। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(ख) के तहत अपराध दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया।
दूसरी कार्रवाई थाना इंदागांव पुलिस ने संदिग्ध वाहन जांच के दौरान की। बिना नंबर प्लेट की सीडी डिलक्स मोटरसाइकिल को रोककर तलाशी लेने पर 10 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने जावेद पिता सलीम खान (36 वर्ष), निवासी कुन्हाड़ी, थाना कुन्हाड़ी, जिला कोटा (राजस्थान) तथा आकाश पिता बालमुकुंद बेरवा (26 वर्ष), निवासी कुन्हाड़ी, थाना कुन्हाड़ी, जिला कोटा (राजस्थान) को गिरफ्तार कर मोटरसाइकिल जब्त कर ली। दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय भेजा गया।
तीसरी बड़ी कार्रवाई थाना पायलीखण्ड (जुगाड़) पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर अमाड़ तिराहा के पास की। पुलिस को सूचना मिली थी कि चार व्यक्ति तीन बैगों में गांजा लेकर बस का इंतजार कर रहे हैं। पुलिस टीम पहुंचते ही आरोपी भागने लगे, लेकिन घेराबंदी कर उन्हें मोटरसाइकिल क्रमांक CG 27 K 5484 सहित पकड़ लिया गया। तलाशी के दौरान तीन बैगों से 22.740 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रफुल पिता मधु (20 वर्ष), निवासी रेंगागुड़ा, बोरीगुमा, जिला कोरापुट (उड़ीसा), भारत पिता राजमन (34 वर्ष), निवासी मुण्डीबेड़, थाना रायघर, जिला नवरंगपुर (उड़ीसा), जहर लाल पिता रायबारू (29 वर्ष), निवासी मुण्डीपारा, रायघर, जिला नवरंगपुर (उड़ीसा) तथा सुशर्धन पिता ईश्वर (32 वर्ष), निवासी लिमागुडा बहेड़ा, थाना उमरकोट, जिला नवरंगपुर (उड़ीसा) के रूप में हुई। चारों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी)(ii)(सी) के तहत अपराध दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया।
इन चारों मामलों में पुलिस ने कुल 81.374 किलोग्राम अवैध गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत 40 लाख 68 हजार 700 रुपये है, जब्त किया। इसके अलावा घटना में प्रयुक्त दो कार, दो मोटरसाइकिल जिनकी कीमत लगभग 6.50 लाख रुपये तथा 13 मोबाइल फोन जिनकी कीमत करीब 65 हजार रुपये है, भी जब्त किए गए। सभी 9 आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।
बहरहाल, गरियाबंद पुलिस की यह लगातार कार्रवाई साफ संकेत है कि अंतरराज्यीय गांजा तस्करी पर अब शिकंजा और कसता जाएगा। अवैध नशे के कारोबार में शामिल लोगों के लिए यह बड़ी चेतावनी है कि कानून के हाथ अब पहले से ज्यादा तेज और सतर्क हैं।







