गरियाबंद, 01 जुलाई (आरएनएस)। जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गरियाबंद पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए अलग-अलग चार मामलों में 81.374 किलोग्राम अवैध गांजा जब्त किया है। बरामद गांजे की कीमत करीब 40.68 लाख रुपये आंकी गई है। कार्रवाई के दौरान 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर के निर्देश पर देवभोग, इंदागांव और पायलीखण्ड (जुगाड़) थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर ओडिशा से गांजा लाकर छत्तीसगढ़ और अन्य राज्यों में खपाने की तैयारी कर रहे तस्करों को धर दबोचा गया।
देवभोग थाना क्षेत्र में अंतरराज्यीय चेक पोस्ट खुटगांव पर वाहन जांच के दौरान दो कारों से 48.300 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। इस मामले में छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र के 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
वहीं इंदागांव थाना पुलिस ने बिना नंबर की मोटरसाइकिल से 10 किलोग्राम गांजा बरामद कर राजस्थान के 2 तस्करों को गिरफ्तार किया।
इसी तरह पायलीखण्ड (जुगाड़) थाना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर अमाड़ तिराहे के पास घेराबंदी कर 22.740 किलोग्राम गांजा के साथ ओडिशा के 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान 2 कार, 2 मोटरसाइकिल और 13 मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। वाहनों की कीमत करीब 6.50 लाख रुपये और मोबाइल की कीमत 65 हजार रुपये बताई गई है।
सभी आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत अलग-अलग प्रकरण दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
००००


