रांची 1 जुलाई (आरएनएस)। झारखंड प्रदेश मोमिन कॉन्फ्रेंस की प्रदेश स्तरीय बैठक अंजुमन प्लाजा, रांची में प्रदेश अध्यक्ष आबिद अली की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में अल्पसंख्यकों के अधिकार, शिक्षा, सुरक्षा, राजनीतिक भागीदारी एवं रोजगार से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करते हुए सर्वसम्मति से 11 सूत्रीय प्रस्ताव पारित किए गए। बैठक में महान स्वतंत्रता सेनानी स्व. अब्दुल कयूम अंसारी को मरणोपरांत ‘भारत रत्नÓ से सम्मानित करने, झारखंड में मदरसा बोर्ड का शीघ्र गठन करने तथा झारखंड विधानसभा से पारित मॉब लिंचिंग विधेयक को तत्काल लागू करने की मांग की गई। साथ ही अल्पसंख्यक शैक्षणिक संस्थानों के लिए संविधान के अनुच्छेद 30 के अनुरूप शासी निकाय संबंधी स्पष्ट नियमावली बनाने की भी मांग उठाई गई। इसके अतिरिक्त अल्पसंख्यकों को आबादी के अनुपात में राजनीतिक प्रतिनिधित्व, युवाओं के लिए रोजगार एवं कौशल विकास, सरकारी रिक्त पदों पर शीघ्र बहाली, प्रधानमंत्री के 15 सूत्री कार्यक्रम के प्रभावी क्रियान्वयन तथा एसआईआर एवं आगामी जनगणना को लेकर व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाने का निर्णय लिया गया। बैठक का संचालन प्रदेश महासचिव मुफ्ती अब्दुल्लाह अजहर कासमी ने किया। बैठक में राष्ट्रीय महासचिव सगीर अंसारी, अब्दुल्लाह अंसारी, नसीम अंसारी, प्रो. जावेद अंसारी, अब्दुल जब्बार अंसारी, शमीम अख्तर आजाद, जहांगीर अंसारी, रेशमा खातून, हाजी सिकंदर अंसारी, शहबाज अहमद, आशिक अंसारी मोहम्मद फारूक सयूम अंसारी अब्दुल सलाम मोहम्मद गुलरेज शेरावत हुसैन सहित संगठन के अनेक पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने भाग लिया तथा सभी प्रस्तावों का सर्वसम्मति से समर्थन किया। बैठक के अंत में निर्णय लिया गया कि पारित सभी 11 प्रस्तावों का मांग-पत्र राज्य एवं केंद्र सरकार को भेजा जाएगा तथा उनके समर्थन में पूरे झारखंड में व्यापक जन-जागरण अभियान चलाया जाएगा।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

