बठिंडा (पंजाब),01 जुलाई(आरएनएस)। पंजाब के बठिंडा जिले में बीकानेर नेशनल हाईवे पर अमरनाथ यात्रा पर जा रहे तीर्थयात्रियों का वाहन भयानक हादसे का शिकार हो गया. इस दुखद हादसे में 4 लोगों की मौत हो गई, जबकि 8 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. घायलों का बठिंडा के एम्स में इलाज चल रहा है.
हादसे का शिकार हुए तीर्थयात्री राजस्थान से अमरनाथ यात्रा पर जा रहे थे. पुलिस के मुताबिक, बुधावर तड़के बठिंडा-बीकानेर नेशनल हाईवे पर जोधपुर रोमाना गांव के पास तीर्थयात्रियों का वाहन एक खड़े ट्रक से टकरा गया. हादसा इतना भयानक था कि टेम्पो ट्रैवलर के परखच्चे उड़ गए. घटना की सूचना मिलते ही समाजसेवी संस्थाएं मौके पर पहुंच गईं. लेकिन तब तक 4 लोगों की मौत हो चुकी थी. समाजसेवी संस्था के कार्यकर्ताओं ने 8 घायलों को इलाज के लिए बठिंडा के एम्स हॉस्पिटल में भर्ती कराया. समाजसेवी संस्था के मुताबिक, गाड़ी में कुल 12 लोग सवार थे.
इस हादसे में गंभीर रूप से घायल राजस्थान के बाड़मेर जिले के रहने वाले निखिल ने कहा कि उनके माता-पिता की मौत हो गई. उन्होंने कहा कि वह अमरनाथ यात्रा पर जा रहे थे. आज उन्हें रात के लिए अमृतसर में श्री अमृतसर साहिब में रुकना था. कल, गुरुवार को, हमें जम्मू और कश्मीर के लिए निकलना था, जहां हमें अमरनाथ के दर्शन करने थे. जब वह नेशनल हाईवे पर आ रहे थे, तो उनका टेम्पो एक ट्रक के पिछले हिस्से से टकरा गया. उस गाड़ी में 12 लोग थे, जो रिश्तेदार हैं, जिनमें से 4 की मौत हो गई है, जिसमें उनके माता-पिता, चाची और एक अन्य रिश्तेदार शामिल हैं.
एक समाज सेवा संगठन के कार्यकर्ता सिकंदर और संदीप कुमार ने कहा, उन्हें सूचना मिली थी कि बठिंडा नेशनल हाईवे पर एक भयानक हादसा हुआ है. सूचना मिलते ही वे तुरंत एम्बुलेंस लेकर मौके पर पहुंचे. इस घटना में कुल 4 लोगों की मौत हो गई है और 8 लोगों का एम्स अस्पताल में इलाज चल रहा है. उन्होंने इस घटना की जानकारी पुलिस को दे दी.
००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

