हरिद्वार,01 जुलाई(आरएनएस)। जनपद प्रभारी सचिव वीके संत ने बुधवार को विकास भवन सभागार में केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ समयबद्ध ढंग से पहुंचाना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की प्राथमिकता है कि कोई भी पात्र लाभार्थी सरकारी योजनाओं से वंचित न रहे। इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ प्रभावी ढंग से कार्य करें। बैठक में स्वास्थ्य, ग्राम्य विकास, शिक्षा, बाल विकास, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति, समाज कल्याण, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन और जल जीवन मिशन सहित विभिन्न विभागों की प्रगति की समीक्षा की गई।स्वास्थ्य विभाग को आयुष्मान भारत योजना के पात्र लाभार्थियों को समय पर लाभ उपलब्ध कराने, ग्रामीण परिवारों को रोजगार उपलब्ध कराने, राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना के तहत नियमित राशन वितरण सुनिश्चित करने तथा जल जीवन मिशन के अधूरे कार्य शीघ्र पूरे करने के निर्देश दिए गए। शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान प्रभारी सचिव ने विद्यालयों में शिक्षकों की कमी दूर करने के लिए शासन स्तर पर आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया। इससे पूर्व जनपद आगमन पर जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने प्रभारी सचिव का पुष्पगुच्छ एवं पौधा भेंट कर स्वागत किया। उन्होंने जनपद में संचालित विकास योजनाओं की प्रगति की जानकारी देते हुए आश्वस्त किया कि बैठक में दिए गए सभी निर्देशों का प्रभावी अनुपालन कराया जाएगा।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

