हरिद्वार,01 जुलाई(आरएनएस)। अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के नवनिर्वाचित अध्यक्ष श्रीमहंत रविंद्र पुरी महाराज ने कहा कि आगामी कुंभ का दिव्य और भव्य आयोजन राष्ट्र को सार्थक दिशा देने के साथ युवा पीढ़ी में भारतीय संस्कृति और संस्कारों का संचार करेगा। उन्होंने कहा कि संतों के मार्गदर्शन और सरकार के सहयोग से कुंभ को ऐतिहासिक बनाने की तैयारियां की जा रही हैं। बुधवार को कनखल स्थित मानव कल्याण आश्रम में ललिताम्बा देवी ट्रस्ट की ओर से आयोजित स्वागत समारोह में श्रीमहंत रविंद्र पुरी ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार संत समाज के सहयोग से कुंभ मेले की तैयारियों में जुटी है।उन्होंने बताया कि देश-दुनिया से करोड़ों श्रद्धालु कुंभ में शामिल होंगे। अखाड़ों की सहमति से अखाड़ा परिषद की नई कार्यकारिणी का गठन किया गया है, जिससे मेले के सफल आयोजन में बेहतर समन्वय स्थापित किया जा सकेगा। उन्होंने देशभर के संतों और श्रद्धालुओं से जनवरी से अप्रैल तक आयोजित होने वाले कुंभ महापर्व में पहुंचकर पुण्य लाभ अर्जित करने का आह्वान किया। ट्रस्ट के महामंत्री अनिरुद्ध भाटी ने कहा कि श्रीमहंत रविंद्र पुरी भारतीय संस्कृति और अखाड़ा परंपरा के सशक्त संवाहक हैं।+
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

