हरिद्वार,01 जुलाई(आरएनएस)। उत्तराखंड में मानसून की पहली झमाझम बारिश किसानों के लिए राहत लेकर आई है। एक ओर जहां भीषण गर्मी से लोगों को राहत मिली, वहीं दूसरी ओर धान और गन्ने की खेती कर रहे किसानों को सिंचाई की चिंता से भी काफी हद तक निजात मिल गई। बारिश से तापमान में गिरावट दर्ज की गई और खेतों में पर्याप्त नमी आने से खेती के काम में तेजी आने की उम्मीद है। देर रात शुरू हुई बारिश बुधवार को दिनभर रुक-रुककर होती रही। इससे किसानों को सिंचाई के लिए ट्यूबवेल चलाने में होने वाले बिजली और डीजल के खर्च से राहत मिली।इस समय गन्ने की फसल को सिंचाई की आवश्यकता थी, जबकि धान की रोपाई भी जोर-शोर से चल रही है। ऐसे में बारिश को किसानों ने बेहद लाभदायक बताया।रोहालकी किशनपुर के किसान प्रेम सिंह ने बताया कि बारिश से धान की रोपाई के लिए खेतों में पर्याप्त पानी उपलब्ध हो गया है, जिससे फसल को फायदा मिलेगा। वहीं बोगला के किसान मनोज चौहान ने कहा कि बारिश धान और गन्ने के अलावा पशुओं के लिए बोए गए हरे चारे की फसल के लिए भी लाभकारी साबित होगी। इससे किसानों की सिंचाई पर होने वाला खर्च कम होगा और खेती की लागत में भी कमी आएगी।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

