गोंडा 02 Jully (Rns) /- . जिले के देहात कोतवाली क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में 2 सगे भाई समेत तीन मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई. 4 अन्य मजदूरों ने ट्रक से कूदकर अपनी जान बचा ली. हादसा गोंडा-बेलसर मार्ग पर माधवपुर गांव के पास सुबह करीब 9:30 बजे हुआ. घटना के बाद मौके पर हड़कंप मच गया. जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मृतकों की लाश का पंचनामा कर पीएम के लिए भेजा. पुलिस घटना की जांच में जुट गई है.
जानकारी के अनुसार, लोहे की सरिया से लदा ट्रक वीरसिंहपुर में टेढ़ी नदी पर बन रहे पुल के निर्माण कार्य के लिए सरिया लेकर जा रहा था. ट्रक में चालक के साथ कई मजदूर भी सवार थे. माधवपुर गांव के पास अचानक चालक ट्रक से नियंत्रण खो बैठा. बारिश के कारण सड़क फिसलन भरी होने के कारण पलट गया. हादसा इतना भीषण था कि ट्रक में सवार 3 मजदूर उसकी चपेट में आ गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई.
चार अन्य मजदूर समय रहते ट्रक से कूद गए, जिससे उनकी जान बच गई. घटना की सूचना मिलते ही देहात कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया. मृतकों को तत्काल गोंडा मेडिकल कॉलेज (अंबेडकर कॉलेज) पहुंचाया. जहां डॉक्टरों ने तीनों मजदूरों को मृत घोषित कर दिया. पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हादसे की जांच शुरू कर दी है.
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान रविंद्र पासवान (31), राजेंद्र पासवान (42) और रामगुलाम पासवान (30) के रूप में हुई है. तीनों तरबगंज थाना क्षेत्र के चांदपुर गांव के निवासी थे. इनमें रविंद्र पासवान और राजेंद्र पासवान सगे भाई थे. एक ही परिवार के दो बेटों की मौत से गांव में मातम पसरा हुआ है. पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में बारिश और ट्रक का संतुलन बिगड़ना हादसे का कारण माना जा रहा है. मामले की विस्तृत जांच की जा रही है

