जांजगीर-चांप, 02 जुलाईं (आरएनएस)। जिले के बिर्रा थाना क्षेत्र में पटवारी कार्यालय में घुसकर शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने, सरकारी दस्तावेजों से छेड़छाड़ करने और शासकीय कर्मचारी से मारपीट करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।
पुलिस के अनुसार, घटना 30 जून 2026 को ग्राम पंचायत किकिरदा स्थित पटवारी कार्यालय की है। पटवारी सत्येंद्र कुमार कंवर ने शिकायत दर्ज कराई कि शासकीय कार्य के दौरान सदानंद जायसवाल (56 वर्ष), घनश्याम आदित्य (30 वर्ष), सोनू आदित्य (25 वर्ष) और मनोज देवांगन (39 वर्ष) जबरन कार्यालय में घुस आए। आरोपियों ने सरकारी दस्तावेजों से छेड़छाड़ की और विरोध करने पर अश्लील गाली-गलौज करते हुए मारपीट की।
शिकायत के आधार पर थाना बिर्रा में अपराध क्रमांक 87/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 132, 121, 115(2), 332(2) एवं 3(5) के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक राजीव श्रीवास्तव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों द्वारा अपराध स्वीकार किए जाने के बाद उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक राजीव श्रीवास्तव एवं प्रधान आरक्षक विवेक सिंह की सराहनीय भूमिका रही।
०
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

