कोलकाता। बंगाल का राजपाट खोने के बाद जहां पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के कथित अपनों ने भी उनका साथ छोड़ दिया है। ऐसे में अलग थलग पड़ी ममता बनर्जी के कालीघाट निवास में सपा से राज्यसभा सांसद जया बच्चन के पहुंचते ही बंगाल से लेकर दिल्ली तक सियासी हलचल तेज हो गई है। आज समाजवादी पार्टी की राज्यसभा सांसद और बॉलीवुड की दिग्गज अभिनेत्री जया बच्चन अचानक टीएमसी सुप्रीमो ममता बनर्जी से मिलने उनके कोलकाता स्थित कालीघाट आवास पर पहुंचीं। इस बारिश भरी दोपहर में जया बच्चन टीएमसी सांसद डेरेक ओÓब्रायन के साथ ममता के घर पहुंचीं, जहां खुद ममता बनर्जी और टीएमसी सांसद अभिषेक बनर्जी ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। हालांकि, दोनों नेताओं के बीच बंद कमरे में क्या बातचीत हुई, इसका आधिकारिक तौर पर खुलासा नहीं किया गया है।
राजनीतिक गलियारों में जया बच्चन की इस यात्रा को लेकर भारी उत्सुकता देखी जा रही है। दरअसल, कुछ दिन पहले ही समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय नेता किरणमय नंदा ने कोलकाता आकर पश्चिम बंगाल के चुनाव में टीएमसी की हार के लिए सीधे तौर पर ममता बनर्जी को जिम्मेदार ठहराया था। नंदा ने तीखा तंज कसते हुए कहा था, “जनता अब ममता बनर्जी को नहीं चाहती, इसलिए वह हारी हैं।” किरणमय नंदा के इस बयान से दोनों दलों के बीच दूरियां बढ़ती दिख रही थीं। ऐसे में कयास लगाए जा रहे हैं कि बंगाल की बेटी जया बच्चन की यह मुलाकात सपा की तरफ से उसी कड़वाहट को दूर करने यानी ‘डैमेज कंट्रोलÓ की एक कोशिश है। इसके अलावा आगामी रणनीतियों और इंडिया गठबंधन के भविष्य को लेकर भी चर्चा की संभावना जताई जा रही है। गौरतलब है कि साल 2026 के विधानसभा चुनाव में तृणमूल कांग्रेस की करारी हार (भले ही वर्तमान में भाजपा सरकार सत्ता में है) के बाद भी ममता बनर्जी ने हार नहीं मानी थी। उन्होंने भाजपा पर ‘वोट चोरीÓ का आरोप लगाया था, जिसे लेकर कानूनी लड़ाई भी चल रही है।
शुरुआत में समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने ममता के इस रुख का समर्थन किया था। नतीजों के कुछ दिनों बाद अखिलेश खुद कोलकाता आए थे और कालीघाट जाकर ममता बनर्जी के प्रति एकजुटता दिखाई थी। हालांकि, उसके कुछ दिनों बाद ही उनकी पार्टी के वरिष्ठ नेता किरणमय नंदा ने अखिलेश के रुख को ‘राजनीतिक मजबूरीÓ का संकेत देते हुए ममता की कड़ी आलोचना कर डाली थी। अमिताभ बच्चन की पत्नी जया बच्चन के ममता बनर्जी के साथ हमेशा से बेहद मधुर संबंध रहे हैं। इससे पहले के बंगाल चुनावों में जया बच्चन खुद कोलकाता आकर ममता बनर्जी और टीएमसी के लिए जमकर चुनाव प्रचार भी कर चुकी हैं। हालांकि, इस बार राज्य में बदली हुई राजनीतिक परिस्थितियों के बीच दोनों की यह मुलाकात पश्चिम बंगाल और देश की राजनीति में नए समीकरणों की ओर इशारा कर रही है।
Login
What's Hot
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

