Bhuneshwar 03 Jully (Rns) /- ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर में कार के रजिस्ट्रेशन नंबर से जुड़ा एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। आरोप है कि एक डॉक्टर दूसरे वाहन का रजिस्ट्रेशन नंबर अपनी कार पर लगाकर लंबे समय से राजधानी में बेखौफ घूम रहा था। मामले का खुलासा असली वाहन मालिक के ड्राइवर की शिकायत के बाद हुआ। शिकायत मिलने के बाद चंद्रशेखरपुर थाना पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए संबंधित कार को जब्त कर लिया। साथ ही आरोपी डॉक्टर को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
जानकारी के मुताबिक, OD-02-DL-3332 नंबर असल में किसी दूसरे व्यक्ति की कार का रजिस्ट्रेशन नंबर है, लेकिन इसी नंबर का इस्तेमाल उसी कंपनी और उसी रंग की एक दूसरी कार पर किया जा रहा था। आरोप है कि इस फर्जी नंबर प्लेट के साथ यह कार लंबे समय से राजधानी की सड़कों पर चल रही थी। मामले की जानकारी तब सामने आई जब वाहन के वास्तविक मालिक के ड्राइवर का सामना नकली प्लेट वाली गाड़ी से हो गया। पेट्रोल पंप पर नकली नंबर प्लेट वाली गाड़ी को देखने के बाद ड्राइवर ने शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की और संबंधित वाहन को अपने कब्जे में ले लिया

