कौशांबी ,03 जुलाई(आरएनएस)। उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले में 26 जून को टोल बूथ से तरलीकृत पेट्रोलियम गैस (एलपीजी) टैंकर के टकराने का भयानक वीडियो सामने आया है, जो रोंगटे खड़े करने वाला है। वीडियो में एलपीजी टैंकर तेज रफ्तार में आकर टोल बूथ के डिवाइडर से टकरा दिख रहा है, जिसके बाद गैस फैलने लगती है। करीब 30 सेकेंड बाद तेज धमाके के साथ आग लगती है और पूरे टोल बूथ को अपनी चपेट में ले लेती है।
कोखराज थाना क्षेत्र के सिहोरी टोल प्लाजा पर 26 जून की सुबह साढ़े 6 बजे एलपीजी गैस टैंकर हादसा हुआ था। इसका सीसीटीवी फुटेज शुक्रवार को सोशल मीडिया पर सामने आया है। वीडियो में 2 टैंकर टोल बूथ पर आते दिख रहे हैं, जिसमें एक नियंत्रण खो देता है और डिवाइडर से टकरा जाता है, जबकि दूसरा वहां से निकल जाता है। घटना के बाद गैस रिसाव से भीषण आग लगी थी, जो 2 किलोमीटर दूर तक दिखाई दी।
टैकर चालक 40 वर्षीय धर्मेंद्र दुबे और टोल प्लाजा के एक कर्मचारी आलोक की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि अन्य 3 लोग घायल हुए थे, जिन्होंने शुक्रवार को दम तोड़ दिया। हादसे के बाद यातायात जाम को रोकने के लिए वाहनों को कुछ समय के लिए टोल प्लाजा से बिना शुल्क के गुजरने की अनुमति दी गई थी। हादसे की जांच के लिए एक टीम का गठन किया गया है।
००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

