मुंबई ,03 जुलाई(आरएनएस)। महाराष्ट्र में मानसून की पहली बारिश में मुंबई-अहमदाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-48) पर बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं, जो हादसों को दावत दे रहे हैं। गुरुवार और शुक्रवार को पालघर जिले में राजमार्ग पर एक फ्लाईओवर पर गड्ढे के कारण 15 वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गए। यह हादसा 10 से 12 मिनट के अंतराल पर हुआ है। इसमें कई वाहनों के टायर फट गए, तो कई अनियंत्रित हो गए थे। हालांकि, किसी के हताहत होने की जानकारी नहीं है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, गुजरात से मुंबई की ओर जाने वाले मार्ग पर दहानू तालुका में महालक्ष्मी मंदिर के पास फ्लाईओवर पर यह घटना घटी है। वाहन चालकों ने बताया कि सड़क की हालत बेहद खराब थी, क्षतिग्रस्त हिस्से में कंक्रीट से लोहे की छड़ें बाहर निकली हुई थीं, जिससे टायर फट गए और कुछ वाहन चालक तो बाल-बाल बच गए। घटना के बाद सड़क पर कई वाहनों को टायर बदलते देखा गया, जिससे यातायात भी बाधित हुआ।
रिपोर्ट के मुताबिक, राजमार्ग को विकसित करने पर व्हाइट टॉपिंग परियोजना के 620 करोड़ रुपये की धनराशि खर्च की गई है, इसके बावजूद, सड़क की स्थिति सवालों के घेरे में आ गई है। मार्ग पर फ्लाईओवर और पुलों के निर्माण और रखरखाव के लिए अलग-अलग ठेकेदारों नियुक्त थे। व्हाइट टॉपिंग सड़क पुनर्निर्माण की एक तकनीक है जिसमें सड़क की मजबूती और उसकी आयु बढ़ाने के लिए मौजूदा डामर की सतह पर कंक्रीट की एक परत बिछाई जाती है।
००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

