०महादेव घाट–रायपुरा एवं माधव राव सप्रे वार्ड में विकास का नया ०अध्याय, सड़क और नागरिक सुविधाओं का होगा विस्तार
०जनविश्वास को विकास में बदलने का संकल्प—रायपुर पश्चिम में करोड़ों के विकास कार्यों का हुआ शुभारंभ
रायपुर,03 जुलाई(आरएनएस)। रायपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के समग्र विकास को नई गति प्रदान करने की दिशा में आज एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि जुड़ गई। महादेव घाट–रायपुरा क्षेत्र में 671.62 लाख की लागत से आंतरिक चतुर्दिक सड़क निर्माण कार्य तथा माधव राव सप्रे वार्ड क्रमांक 69 में ?110.59 लाख की लागत से विभिन्न विकास कार्यों का विधिवत भूमिपूजन संपन्न हुआ। कुल 782.21 लाख की लागत से प्रारंभ होने वाले इन विकास कार्यों से क्षेत्र की आधारभूत अधोसंरचना सुदृढ़ होगी तथा नागरिकों को बेहतर सड़क, सुगम आवागमन एवं आधुनिक नागरिक सुविधाओं का लाभ प्राप्त होगा।भूमिपूजन कार्यक्रम में रायपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेश मुणत, नगर निगम रायपुर की महापौर मीनल चौबे, पार्षदगण, भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता, विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।कार्यक्रम के दौरान पूरे क्षेत्र में उत्साह का वातावरण देखने को मिला। स्थानीय नागरिकों ने इन विकास कार्यों को वर्षों पुरानी आवश्यकताओं की पूर्ति की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताते हुए प्रसन्नता व्यक्त की। उपस्थित नागरिकों ने विश्वास जताया कि इन परियोजनाओं के पूर्ण होने के बाद महादेव घाट–रायपुरा एवं माधव राव सप्रे वार्ड सहित आसपास के क्षेत्रों में आवागमन अधिक सुगम होगा तथा नागरिक सुविधाओं का विस्तार होगा।इस अवसर पर विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेश मुणत ने कहा कि रायपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र का सर्वांगीण विकास उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि विकास केवल निर्माण कार्यों तक सीमित नहीं होता, बल्कि यह आम नागरिक के जीवन को सरल, सुरक्षित, सुविधाजनक एवं सम्मानजनक बनाने का माध्यम है।उन्होंने कहा कि महादेव घाट–रायपुरा क्षेत्र में बनने वाली आंतरिक चतुर्दिक सड़कें क्षेत्र की वर्षों पुरानी आवागमन संबंधी समस्याओं का स्थायी समाधान करेंगी। वहीं माधव राव सप्रे वार्ड क्रमांक 69 में स्वीकृत विकास कार्य स्थानीय नागरिकों की आवश्यकताओं के अनुरूप क्षेत्र की आधारभूत सुविधाओं को और अधिक सुदृढ़ करेंगे।मुणत ने कहा कि रायपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल, उद्यान, धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों सहित प्रत्येक क्षेत्र में योजनाबद्ध तरीके से विकास कार्य किए जा रहे हैं। उनका प्रयास केवल विकास कार्यों की घोषणा करना नहीं, बल्कि उन्हें गुणवत्ता, पारदर्शिता और समय-सीमा के भीतर पूर्ण कर जनता को समर्पित करना है।उन्होंने प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय जी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके दूरदर्शी नेतृत्व एवं संवेदनशील सोच के कारण प्रदेश में विकास कार्यों को नई गति मिली है। मुख्यमंत्री ने सदैव रायपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र की आवश्यकताओं को गभीरता से लेते हुए विकास कार्यों को प्राथमिकता प्रदान की है।मुणत ने प्रदेश के नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री अरुण साव के प्रति भी विशेष आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने रायपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के विकास से जुड़े प्रत्येक प्रस्ताव पर सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाया तथा कभी भी विकास कार्यों में किसी प्रकार की बाधा नहीं आने दी। उनके सतत सहयोग एवं मार्गदर्शन से आज क्षेत्र में अनेक महत्वपूर्ण विकास कार्य धरातल पर उतर रहे हैं।
उन्होंने कहा की जनता का विश्वास ही हमारी सबसे बड़ी पूंजी है। रायपुर पश्चिम के प्रत्येक वार्ड को आधुनिक एवं विकसित बनाना हमारा संकल्प है। आने वाले समय में भी विकास कार्यों की यह गति निरंतर जारी रहेगी और क्षेत्र का कोई भी वार्ड विकास से अछूता नहीं रहेगा।नगर निगम रायपुर की महापौर मीनल चौबे ने कहा कि रायपुर शहर के संतुलित एवं योजनाबद्ध विकास के लिए नगर निगम निरंतर कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि आज जिन विकास कार्यों का भूमिपूजन हुआ है, वे स्थानीय नागरिकों की लंबे समय से चली आ रही आवश्यकताओं को पूरा करेंगे तथा क्षेत्र की आधारभूत अधोसंरचना को नई मजबूती प्रदान करेंगे।उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। रायपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में विधायक राजेश मुणत के सतत प्रयासों एवं निरंतर अनुश्रवण के कारण अनेक महत्वपूर्ण विकास कार्य स्वीकृत हुए हैं, जिनका लाभ सीधे आम नागरिकों को मिलेगा।महापौर चौबे ने कहा की नगर निगम रायपुर इन सभी कार्यों को गुणवत्ता एवं निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण कराने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेगा। हमारा उद्देश्य केवल निर्माण कार्य कराना नहीं, बल्कि नागरिकों को बेहतर जीवन स्तर उपलब्ध कराना है।कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों ने विकास कार्यों के लिए प्रदेश सरकार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि इन परियोजनाओं के पूर्ण होने के बाद क्षेत्र की तस्वीर बदल जाएगी।भूमिपूजन के पश्चात विधायक राजेश मुणत एवं महापौर मीनल चौबे ने संबंधित अधिकारियों को सभी निर्माण कार्य उच्च गुणवत्ता, पूर्ण पारदर्शिता एवं निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।इस अवसर पर बड़ी संख्या में पार्षदगण, भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता, विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, मातृशक्ति तथा स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।कार्यक्रम का समापन विकास के संकल्प और जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता के संदेश के साथ हुआ।
०००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

