# वैश्विक मंच पर युवा भारत, महिला नेतृत्व और भारतीय अकादमिक प्रकाशन जगत का प्रतिनिधित्व करेंगी दोनों युवा प्रोफेशनल्स
नई दिल्ली , 04 जुलाई (आरएनएस)। भारत के प्रतिष्ठित अकादमिक प्रकाशन संस्थान पीएचआई लर्निंग प्राइवेट लिमिटेड की पल्लवी घोष (27) और अदिति घोष (25) मलेशिया के कुआलालंपुर में आयोजित 35वीं इंटरनेशनल पब्लिशर्स कांग्रेस-2026 में भारतीय प्रतिनिधिमंडल के सदस्य के रूप में भाग ले रही हैं। यह आयोजन 5 से 9 जुलाई तक आयोजित किया जा रहा है और इसमें दुनिया भर के प्रकाशन उद्योग से जुड़े विशेषज्ञ, प्रकाशक और नीति-निर्माता शामिल हो रहे हैं। पल्लवी और अदिति की भागीदारी भारतीय प्रकाशन उद्योग में उभरती नई पीढ़ी के नेतृत्व का प्रतीक मानी जा रही है। दोनों युवा पेशेवर ऐसे समय में वैश्विक मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व कर रही हैं, जब देश का प्रकाशन उद्योग शिक्षा, डिजिटल लर्निंग, ज्ञान सृजन और अंतरराष्ट्रीय सहयोग के क्षेत्र में तेजी से अपनी पहचान मजबूत कर रहा है। पीएचआई लर्निंग में ब्रांड स्ट्रैटेजिस्ट के रूप में कार्यरत पल्लवी घोष पिछले चार वर्षों से संस्था से जुड़ी हैं। उन्होंने इंग्लिश में स्नातक तथा लंदन के किंग्स कॉलेज से कंटेम्पररी लिटरेचर, कल्चर एंड थ्योरी में स्नातकोत्तर की उपाधि प्राप्त की है। वह कंपनी की ब्रांडिंग, मार्केटिंग, डिजिटल आउटरीच और रणनीतिक संचार से जुड़े कार्यों का नेतृत्व कर रही हैं। वहीं, ऑपरेशंस कोऑर्डिनेटर अदिति घोष पिछले दो वर्षों से पीएचआई लर्निंग के साथ कार्यरत हैं। उन्होंने एमिटी विश्वविद्यालय से एप्लाइड साइकोलॉजी में स्नातक और काउंसलिंग साइकोलॉजी में स्नातकोत्तर की पढ़ाई की है। वह कंपनी के परिचालन प्रबंधन, कार्य समन्वय और आंतरिक प्रक्रियाओं को अधिक प्रभावी बनाने की जिम्मेदारी निभा रही हैं।
पल्लवी और अदिति की यह अंतरराष्ट्रीय सहभागिता केवल पीएचआई लर्निंग की समृद्ध विरासत का विस्तार नहीं है, बल्कि भारतीय प्रकाशन उद्योग के भविष्य की भी झलक है। यह दर्शाती है कि नई पीढ़ी नवाचार, पेशेवर दक्षता, डिजिटल समझ और वैश्विक अनुभव के साथ भारतीय प्रकाशन जगत को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने के लिए तैयार है।

