अजय देवगन की फिल्म धमाल 4 बॉक्स ऑफिस पर अपनी किस्मत आजमाने के लिए तैयार है। इंद्र कुमार के निर्देशन में बनी यह कॉमेडी ड्रामा अपने साथ अरशद वारसी, रितेश देशमुख और जावेद जाफरी को उनके यादगार किरदारों में वापस ला रही है। रिलीज से पहले, निर्माताओं ने फिल्म को केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (सीबीएफसी) के हवाले किया था। बोर्ड ने फिल्म को हरी झंडी दिखाकर पास तो कर दिया है, लेकिन काफी सारे बदलाव के निर्देश भी दिए हैं।
रिपोर्ट के मुताबिक, सेंसर बोर्ड ने फिल्म में कुछ संशोधन करने के बाद इसे पास किया है। फिल्म में 2 जगहों पर हाथ या उंगलियों द्वारा अश्लील इशारे शामिल थे, जिन्हें बोर्ड ने संशोधित और प्रतिस्थापित करने के लिए कहा है। इसके अलावा, फिल्म में 7 अलग-अलग जगहों पर गाली-गलौज, गंदे या द्विअर्थी संवाद बोले गए थे। इन संवादों को म्यूट या उनकी जगह कोई अच्छा शब्द डालने का आदेश दिया गया है।
बोर्ड ने धमाल 4 को यू/ए 13+ प्रमाणपत्र देकर पास किया है, जिसका अर्थ है कि 13 साल से ज्यादा उम्र वाले दर्शक इसे बिना किसी संकोच के देख सकेंगे। प्रमाणपत्र में कुल अवधि 143.00 मिनट बताई गई है। इस हिसाब से फिल्म की लंबाई 2 घंटे 23 मिनट होगी। इस बार फिल्म में रवि किशन, अंजलि आनंद, संजीदा शेख, उपेंद्र लिमये और विजय पाटकर नए चेहरे बनकर शामिल हुए हैं। यह 10 जुलाई, 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

