बलौदाबाजार, 05 जुलाई (आरएनएस)। जिले में संचालित समाधान सेल की सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस चौकी सोनाखान ने अवैध महुआ शराब की बिक्री कर रहे एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 9 बल्क लीटर अवैध महुआ शराब, जिसकी अनुमानित कीमत 1,800 रुपये है, जब्त की है।
पुलिस के अनुसार आमजनों की शिकायतों एवं आपराधिक गतिविधियों की सूचना के त्वरित निराकरण के लिए शुरू किए गए समाधान सेल के हेल्पलाइन नंबर 94792 20392 पर प्राप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई की गई। पुलिस अधीक्षक ओ.पी. शर्मा के निर्देशन में चौकी सोनाखान पुलिस ने ग्राम देवतराई में घेराबंदी कर आरोपी को रंगे हाथों पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान रंजीत सागर (41 वर्ष), निवासी ग्राम देवतराई, चौकी सोनाखान के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ चौकी सोनाखान में आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया की जा रही है।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की शिकायत, सूचना या आपराधिक गतिविधि की जानकारी समाधान सेल हेल्पलाइन 94792 20392 पर कॉल या व्हाट्सएप के माध्यम से दें, ताकि त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
0
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

