भोपाल,05 जुलाई(आरएनएस)। बैरसिया थाना क्षेत्र में सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल महिला की 18 दिन बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। महिला 19 जून को अपने दो भतीजों के साथ मायके से लौट रही थी, तभी तेज रफ्तार आल्टो कार ने उनकी बाइक को पीछे से टक्कर मार दी थी।
बैरसिया पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पहले से दर्ज एफआईआर में अब महिला की मौत के बाद गंभीर धाराएं जोड़ी जाएंगी।
पुलिस के अनुसार, 48 वर्षीय शैतान बाई, पत्नी भूर सिंह, नजीराबाद थाना क्षेत्र के बरसाना गांव की निवासी थीं। वह बैरसिया थाना क्षेत्र स्थित अपने मायके में मेहमानी के लिए आई थीं। 19 जून की शाम वह अपने दो भतीजों के साथ बाइक से घर लौट रही थीं। इसी दौरान चंदा-सलोई मार्ग पर पीछे से तेज रफ्तार आल्टो कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।हादसे में शैतान बाई और उनके दोनों भतीजे गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से तीनों को अस्पताल पहुंचाया गया। शैतान बाई के सिर में गंभीर चोट आई थी और उनका लगातार इलाज चल रहा था।करीब 18 दिन तक जिंदगी और मौत से जूझने के बाद रविवार सुबह शैतान बाई ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
बैरसिया पुलिस ने बताया कि हादसे के बाद आरोपी कार चालक के खिलाफ पहले ही मामला दर्ज किया जा चुका था। अब महिला की मौत के बाद प्रकरण में संबंधित गंभीर धाराएं बढ़ाई जाएंगी। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

