भोपाल,05 जुलाई(आरएनएस)। मिसरोद थाना क्षेत्र के बंगरसिया-भोजपुर रोड स्थित जैन ब्रदर्स होटल में शनिवार रात 10 से 15 बदमाश तलवार, चाकू, हॉकी और बेसबॉल बैट लेकर घुस आए। बदमाशों ने होटल में तोडफ़ोड़ करते हुए चार युवकों पर हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंचे होटल के शेफ और अन्य कर्मचारियों के साथ भी मारपीट की। पूरी वारदात होटल में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई।
हमले में गंभीर रूप से घायल 24 वर्षीय लीलाधर कुशवाहा को एम्स भोपाल में भर्ती कराया गया है। अस्पताल में उनकी एमएलसी बनाई गई है। मेडिकल दस्तावेज में 10-12 लोगों के समूह द्वारा हमले का उल्लेख है। घटना शनिवार रात करीब 10:45 बजे की बताई गई है। एक अन्य युवक भी घायल हुआ, जिसका उपचार कराया गया।
घायल लीलाधर ने बताया कि वह अपने तीन दोस्तों के साथ मंडीदीप फैक्ट्री से ड्यूटी खत्म कर राजपूत भवन के पास से पैदल जैन ब्रदर्स होटल खाना खाने जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार और लहराते हुए बाइक चला रहे कुछ युवकों ने उन्हें टक्कर मार दी।
विरोध करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और मारपीट करने लगे। जान बचाने के लिए चारों युवक होटल के अंदर घुस गए। इसके कुछ ही मिनट बाद 10-15 बदमाश हथियार लेकर होटल में आ धमके और हमला शुरू कर दिया। बदमाशों ने पहले होटल के अंदर हमला किया, फिर उसे घसीटकर बाहर ले गए और गर्दन समेत शरीर के महत्वपूर्ण हिस्सों पर धारदार हथियारों से कई वार किए। मेडिकल रिपोर्ट में धारदार हथियार से गहरे घाव दर्ज हैं। पीडि़त का कहना है कि यदि उसने बचाव नहीं किया होता तो उसकी जान जा सकती थी।
घटना होटल में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हुई है। फुटेज में हथियार लेकर होटल में घुसते और युवकों पर हमला करते बदमाश साफ दिखाई दे रहे हैं। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी करेगी। पीडि़त ने फुटेज पुलिस को सौंप दिए हैं। हालांकि अब तक एफआईआर दर्ज नहीं की गई है।
मिसरोद थाना प्रभारी रतन सिंह परिहार ने बताया कि अस्पताल से सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम घायलों के बयान दर्ज करने पहुंची है। मामले की जांच की जा रही है। जांच और पीडि़तों के कथनों के आधार पर एफआईआर दर्ज की जाएगी। फिलहाल किसी आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज नहीं किया गया है।

