भोपाल,05 जुलाई(आरएनएस)।वीआईपी रोड पर चलती कार की सनरूफ से बाहर निकलकर शराब पीते युवकों का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो शनिवार तड़के करीब 4 बजे का बताया जा रहा है। इसमें तीन युवक कार की सनरूफ से बाहर निकलकर शराब पीते दिखाई दे रहे हैं, जबकि चालक तेज रफ्तार में लापरवाही से कार चलाता नजर आ रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों और वायरल वीडियो के अनुसार, कार वीआईपी रोड पर लहराते हुए दौड़ रही थी, जिससे सड़क पर चल रहे अन्य लोगों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ गई। वीडियो वायरल होने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया है।
पुलिस कमिश्नर संजय कुमार ने बताया कि सार्वजनिक स्थान पर शराब पीना प्रतिबंधित है। वायरल वीडियो की जांच कराई जा रही है। यदि वीडियो सही पाया जाता है तो संबंधित युवकों की पहचान कर उनके खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट और अन्य संबंधित धाराओं के तहत नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

