पन्ना,05 जुलाई(आरएनएस)।जिले के रैपुरा थाना क्षेत्र के ग्राम बघवार में अवैध शराब के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन पेटी शराब जब्त की है। इस दौरान एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया, जबकि उसका एक साथी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने एक बिना नंबर की मोटरसाइकिल भी जब्त की है।
जानकारी के मुताबिक 4 और 5 जुलाई की दरमियानी रात बघवार स्थित शराब दुकान से अवैध रूप से शराब की खेप बगरोड़ की ओर ले जाई जा रही थी। इसकी सूचना भगवती मानव कल्याण संगठन और भारतीय शक्ति चेतना पार्टी के कार्यकर्ताओं ने डायल-112 और स्थानीय पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। इससे पहले कार्यकर्ताओं ने ग्रामीणों की मदद से बघवार तिगड्डा पर घेराबंदी कर ली थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मोटरसाइकिल सवारों को रोक लिया और ब्रजेंद्र नाम के आरोपी को तीन पेटी शराब के साथ गिरफ्तार कर लिया।
कार्रवाई के दौरान दूसरा आरोपी पुलिस को चकमा देकर भाग निकला। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। जब्त शराब और बिना नंबर की मोटरसाइकिल को रैपुरा थाने लाकर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
भगवती मानव कल्याण संगठन और भारतीय शक्ति चेतना पार्टी के पदाधिकारियों ने कहा कि उनका अभियान अवैध शराब, गांजा, जुआ और अन्य नशे के कारोबार के खिलाफ लगातार जारी रहेगा। उन्होंने पुलिस की कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि भविष्य में भी प्रशासन और आम लोगों के सहयोग से ऐसे अभियान चलाए जाएंगे।

