जशपुर, 05 जुलाईं (आरएनएस)। जशपुर जिले की दुलदुला थाना पुलिस ने 70 वर्षीय बुजुर्ग की हत्या के अंधे मामले का महज 24 घंटे में खुलासा करते हुए महिला सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में सामने आया कि पारिवारिक विवाद के चलते मृतक की बहू ने अपने साथियों के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची थी।
पुलिस के अनुसार, 4 जुलाई को ग्राम बोड़ाजोर निवासी चुगरू प्रधान (70 वर्ष) अपने घर में मृत अवस्था में मिले। उनके हाथ-पैर बंधे हुए थे और शरीर पर गंभीर चोटों के निशान थे। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और एफएसएल टीम तथा डॉग स्क्वॉड की मदद से घटनास्थल का वैज्ञानिक तरीके से निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष जांच टीम गठित की गई। तकनीकी विश्लेषण, मुखबिर की सूचना और संदिग्धों से पूछताछ के दौरान पुलिस को पता चला कि मृतक का अपनी बहू सुगंती बेसरा के साथ लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था। इसी रंजिश के चलते उसने तीन अन्य युवकों के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाई।
पुलिस जांच में सामने आया कि 3 और 4 जुलाई की दरम्यानी रात आरोपी मोटरसाइकिल से मृतक के घर पहुंचे। दरवाजा खुलवाने के बाद उन्होंने लकड़ी के फट्टे और मुक्कों से बुजुर्ग की बेरहमी से पिटाई की। इसके बाद हाथ-पैर बांध दिए और मुंह में कपड़ा ठूंसकर उनकी हत्या कर दी। वारदात के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उन्होंने अपराध स्वीकार कर लिया। उनकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त लकड़ी का फट्टा, एक मोटरसाइकिल और चार मोबाइल फोन बरामद किए गए।
गिरफ्तार आरोपी
सुगंती बेसरा (36), निवासी ग्राम बोड़ाजोर, थाना दुलदुला – मृतक की बहू एवं मुख्य साजिशकर्ता।
साहिल उर्फ राजा खान (22), थाना दुलदुला।
आनंद यादव (20), निवासी ग्राम परसाटोली, थाना दुलदुला।
रोहित सिंह (21), निवासी ग्राम मधुटोली, थाना जशपुर।
पुलिस ने पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि जशपुर पुलिस गंभीर अपराधों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति पर कार्य कर रही है और वैज्ञानिक जांच व त्वरित कार्रवाई के जरिए अपराधियों को कानून के कठघरे तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।
०
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

