रायपुर,5 जुलाई (आरएनएस)। छत्तीसगढ़ उर्दू अकादमी के अध्यक्ष इदरीस गांधी ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को पत्र लिखकर राज्य के सभी शासकीय और निजी विद्यालयों में सप्ताह में एक दिन ‘नो बैग डे लागू करने की मांग की है।मुख्यमंत्री को भेजे गए पत्र में इदरीस गांधी ने कहा है कि विद्यार्थियों पर बढ़ते शैक्षणिक दबाव को कम करने और उनके सर्वांगीण विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सप्ताह में एक दिन बिना स्कूल बैग के विद्यालय बुलाया जाए। इस दिन पारंपरिक कक्षाओं के स्थान पर जीवनोपयोगी और व्यवहारिक विषयों पर गतिविधि आधारित शिक्षण कराया जाए।उन्होंने सुझाव दिया है कि प्राथमिक उपचार, साइबर सुरक्षा, यातायात नियम, पर्यावरण संरक्षण, वित्तीय साक्षरता, योग, खेलकूद, स्थानीय कला, व्यक्तित्व विकास और कौशल आधारित प्रशिक्षण जैसी गतिविधियों को ‘नो बैग डे के दौरान शामिल किया जाए।इदरीस गांधी ने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि कर्नाटक सहित देश के कुछ राज्यों में गतिविधि-आधारित शिक्षण और ‘नो बैग डे जैसी पहल के सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। उनका कहना है कि यदि छत्तीसगढ़ में भी यह व्यवस्था लागू होती है तो विद्यार्थियों का मानसिक तनाव कम होगा, उनकी रचनात्मकता और व्यावहारिक ज्ञान में वृद्धि होगी तथा शिक्षा अधिक अनुभव आधारित और कौशल केंद्रित बन सकेगी।उन्होंने मुख्यमंत्री से इस जनहितैषी प्रस्ताव पर सकारात्मक विचार करते हुए राज्य के सभी शासकीय एवं निजी विद्यालयों में सप्ताह में एक दिन ‘नो बैग डे लागू करने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने का आग्रह किया है।
००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

