खैरागढ़, 05 जुलाईं (आरएनएस)। जिले के ग्राम धनगांव में बारिश के बाद उफान पर आई आमनेर नदी को ट्रैक्टर सहित पार करते किसानों का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। तेज बहाव के बावजूद किसानों द्वारा नदी पार करने की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था और जोखिम भरे व्यवहार पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
जानकारी के अनुसार, धनगांव के किसानों के खेत आमनेर नदी के दूसरी ओर स्थित हैं। खेती-किसानी के कार्य के लिए उन्हें प्रतिदिन नदी पार करनी पड़ती है। हालांकि आवागमन के लिए करीब दो किलोमीटर दूर पुल मौजूद है, लेकिन दूरी और समय बचाने के लिए कई किसान सीधे नदी से होकर ट्रैक्टर निकालना अधिक सुविधाजनक मानते हैं।
शनिवार और रविवार को हुई बारिश के बाद आमनेर नदी का जलस्तर काफी बढ़ गया था और तेज बहाव बना हुआ था। इसके बावजूद कई किसान ट्रैक्टर लेकर नदी में उतर गए। वायरल वीडियो में ट्रैक्टरों को सावधानीपूर्वक तेज बहाव के बीच नदी पार करते देखा जा सकता है।
हालांकि इस दौरान कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ, लेकिन विशेषज्ञों के अनुसार तेज बहाव में इस तरह नदी पार करना बेहद खतरनाक है। थोड़ी सी चूक ट्रैक्टर के बहने, पलटने या जनहानि जैसी गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती थी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि किसानों को सुविधा के लिए नदी से गुजरने के बजाय पुल का उपयोग करना चाहिए, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके। ग्रामीणों ने भी बारिश के मौसम में उफनती नदियों को पार करने से बचने की अपील की है।
०
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

