बिलासपुर 5 जुलाई (आरएनएस) पुलिस ने अपराध और गुंडागर्दी पर कड़ा प्रहार करते हुए शहरभर में एक साथ विशेष सघन अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान 90 संदिग्धों को हिरासत में लिया गया, 76 आदतन बदमाशों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई हुई और 12 लोगों को न्यायालय के आदेश पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस उपमहानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर के निर्देशन में रविवार सुबह शहर के सभी थाना क्षेत्रों में विशेष रेड और चेकिंग अभियान संचालित किया गया। अभियान का उद्देश्य चाकूबाजी, गुंडागर्दी और असामाजिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाना था। इसके लिए गठित पुलिस टीमों ने निगरानी बदमाशों, आदतन अपराधियों और चाकूबाजों के ठिकानों पर एक साथ दबिश देकर उनकी गतिविधियों का सत्यापन किया और संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की।
अभियान के दौरान कुल 90 लोगों को हिरासत में लेकर जांच की गई। जांच के बाद 76 आदतन गुंडा-बदमाशों और चाकूबाजों के विरुद्ध भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 126 एवं 135(3) के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई। वहीं 12 व्यक्तियों को धारा 170 बीएनएसएस के तहत न्यायालय में पेश किया गया। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। इसी दौरान दो व्यक्ति अवैध धारदार हथियार के साथ पकड़े गए, जिनके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत अलग से अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई।

कार्रवाई के बाद पुलिस ने सभी चिन्हित बदमाशों और चाकूबाजों को सख्त चेतावनी दी कि भविष्य में मारपीट, अवैध हथियार रखने, लोगों में भय का माहौल बनाने या कानून-व्यवस्था बिगाड़ने का प्रयास किया गया तो जिला बदर सहित कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने नागरिकों से भी अपील की है कि किसी भी असामाजिक गतिविधि की सूचना तुरंत दें, सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
फिलहाल, बिलासपुर पुलिस का यह अभियान स्पष्ट संदेश देता है कि जिले में अपराध, चाकूबाजी और गुंडागर्दी के लिए कोई जगह नहीं है। कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वाले तत्वों के विरुद्ध इसी तरह लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

