सिनेमाघरों में इन दिनों कई बड़ी और मंझोले बजट की फिल्में दर्शकों का मनोरंजन कर रही हैं। सप्ताहांत पर फिल्मों की कमाई में बढ़ोतरी देखने को मिली। सबसे अधिक फायदा वेलकम टू द जंगल को हुआ, जिसने 100 करोड़ रुपये के नेट कलेक्शन का आंकड़ा पार करते हुए बॉक्स ऑफिस पर अपनी मजबूत पकड़ बनाए रखी। वहीं कॉकटेल 2 भी 100 करोड़ के ग्रॉस कलेक्शन के करीब पहुंच गई है। दूसरी ओर मां इंटि बंगारम और बेबी डू डाई डू ने भी अपनी-अपनी रफ्तार से कमाई जारी रखी।
निर्देशक अहमद खान की मल्टीस्टारर फिल्म वेलकम टू द जंगल ने शनिवार को 7.35 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया। इसके साथ ही फिल्म का कुल नेट कलेक्शन 105 करोड़ रुपये और ग्रॉस कलेक्शन 125.02 करोड़ रुपये पहुंच गया है। फिल्म ने 100 करोड़ क्लब में शामिल होकर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। फिल्म में अक्षय कुमार, रवीना टंडन, सुनील शेट्टी, दिशा पाटनी, जैकलीन फर्नांडिस, फरीदा जलाल और जैकी श्रॉफ सहित 30 से अधिक कलाकार प्रमुख भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं।
शाहिद कपूर, रश्मिका मंदाना और कृति सेनन अभिनीत कॉकटेल 2 ने शनिवार को 1.15 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया। फिल्म का कुल नेट कलेक्शन 91.30 करोड़ रुपये और ग्रॉस कलेक्शन 108.85 करोड़ रुपये हो गया है। दर्शकों से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिलने के कारण फिल्म की कमाई स्थिर बनी हुई है।
हुमा कुरैशी अभिनीत बेबी डू डाई डू बॉक्स ऑफिस पर अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर सकी है। फिल्म ने रिलीज के दूसरे दिन 58 लाख रुपये का कारोबार किया, जबकि पहले दिन 40 लाख रुपये की कमाई हुई थी। दो दिनों में फिल्म का कुल नेट कलेक्शन 98 लाख रुपये और ग्रॉस कलेक्शन 1.13 करोड़ रुपये दर्ज किया गया।
समांथा रुथ प्रभु स्टारर मां इंटि बंगारम ने शनिवार को 1.40 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया। फिल्म को लगभग 1,000 शो मिले, जिनमें औसतन 26 प्रतिशत ऑक्यूपेंसी दर्ज की गई। इसके साथ ही फिल्म का कुल नेट कलेक्शन 56.10 करोड़ रुपये पहुंच गया है। फिल्म का प्रदर्शन संतोषजनक माना जा रहा है।
बॉक्स ऑफिस पर फिलहाल वेलकम टू द जंगल सबसे मजबूत स्थिति में नजर आ रही है, जबकि कॉकटेल 2 भी 100 करोड़ के आंकड़े की ओर तेजी से बढ़ रही है। आने वाले दिनों में दोनों फिल्मों के बीच कमाई की प्रतिस्पर्धा और दिलचस्प होने की उम्मीद है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

