कोलकाता 6 जुलाई (आरएनएस)। डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती के अवसर पर केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने कोलकाता के न्यू टाउन स्थित इको पार्क परिसर में उनकी 125 फीट ऊंची प्रस्तावित प्रतिमा का शिलान्यास किया। भूमि पूजन के साथ इस महत्वाकांक्षी परियोजना की औपचारिक शुरुआत हुई। कार्यक्रम में पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी सहित भाजपा के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। जयंती समारोह को लेकर पूरे कार्यक्रम को विशेष रूप से तैयार किया गया। प्रतिमा निर्माण को डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के राष्ट्रवादी विचारों और योगदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया गया। कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और समर्थक भी मौजूद रहे। शिलान्यास कार्यक्रम के बाद अमित शाह विश्व बांग्ला मेला मैदान में आयोजित स्मृति समारोह में भी शामिल होंगे। यहां राज्यभर से आए पार्टी नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को संबोधित करने का कार्यक्रम तय है। इस आयोजन को भाजपा के शक्ति प्रदर्शन के रूप में भी देखा जा रहा है। कोलकाता दौरे के दौरान अमित शाह के प्रदेश भाजपा नेतृत्व के साथ संगठनात्मक स्थिति, आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों और भविष्य की रणनीति पर भी चर्चा करने की संभावना जताई जा रही है। माना जा रहा है कि बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने सहित कई अहम मुद्दों पर विचार-विमर्श होगा।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

