श्यामा प्रसाद मुखर्जी जयंती पर घटना से गमगीन हुआ
पश्चिम मेदिनीपुर 6 जुलाई (आरएनएस)। जिले में आज तब खुशी का माहौल गम के माहौल में बदल गया जब श्यामा प्रसाद मुखर्जी जयंती के दिन ध्वजारोहण के दौरान करंट लगने से भाजपा कर्मी पापाई पान की मौत हो गई। घटना पश्चिम मेदिनीपुर जिले के केशपुर विधानसभा क्षेत्र की है। जहां डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती पर आयोजित ध्वजारोहण कार्यक्रम के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। करंट लगने से भाजपा के एक कार्यकर्ता की मौत हो गई, जबकि भाजपा मंडल अध्यक्ष समेत तीन अन्य कार्यकर्ता घायल हो गए। घटना आज आनंदपुर थाना क्षेत्र के बुरापाट पांचखुरी इलाके में हुई।
पुलिस और भाजपा सूत्रों के अनुसार, जयंती कार्यक्रम के तहत पार्टी कार्यालय के सामने ध्वजारोहण की तैयारी चल रही थी। झंडा फहराने के लिए एक लंबे लोहे के पाइप का इस्तेमाल किया जा रहा था। इसी दौरान पाइप पास से गुजर रही हाईटेंशन बिजली की तार से छू गया, जिससे वहां मौजूद चार भाजपा कार्यकर्ता करंट की चपेट में आ गए। हादसे में 26 वर्षीय पापाई पान गंभीर रूप से झुलस गए। उन्हें तुरंत चंद्रकोणा ग्रामीण अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पापाई पान भाजपा के केशपुर-3 मंडल के सक्रिय कार्यकर्ता थे। इस हादसे में भाजपा के केशपुर-1 मंडल अध्यक्ष प्रवीन हालदार, सुषांत दास और कालीपद सिंह भी घायल हुए हैं। सभी का अस्पताल में इलाज चल रहा है। डॉक्टर उनकी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। भाजपा नेता तन्मय घोष ने बताया कि हादसा ध्वजारोहण की तैयारी के दौरान हुआ। वहीं, पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और यह पता लगाया जा रहा है कि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ। अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद ही घटना के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

