जम्मू,06 जुलाई(आरएनएस)। डोडा-किश्तवाड़ इलाके में रात भर हुई मूसलाधार बारिश के कारण सोमवार को आई अचानक बाढ़ से राजमार्ग पर भारी मात्रा में कीचड़, पत्थर और मलबा जमा हो गया. इससे वाहनों की आवाजाही ठप हो गई. डोडा व किश्तवाड़ के पहाड़ी जिलों में निर्माणाधीन 540 मेगावाट के क्वार जलविद्युत परियोजना के पास कई गाडिय़ां मलबे में दब गईं.
अधिकारियों ने बताया कि राजमार्ग का एक हिस्सा टूट गया है, जिसके कारण ट्रैफिक को रोकना पड़ा. प्रेम नगर में सड़क किनारे खड़ी कई गाडिय़ां बाढ़ के मलबे में फंस गईं. हालांकि, अधिकारियों ने पुष्टि की है कि हादसे में किसी के हताहत होने या घायल होने की कोई खबर नहीं है. प्रशासन द्वारा सड़क साफ करने और मरम्मत का काम शुरू कर दिया गया है. यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे इस राजमार्ग पर जाने से बचें.
पड़ोसी जिले किश्तवाड़ में भी भारी बारिश के कारण निर्माणाधीन 540 मेगावाट की क्वार जलविद्युत परियोजना के सुरंग क्षेत्र के पास एक बड़ा भूस्खलन और मडस्लाइड (कीचड़ का बहाव) हुआ. अधिकारियों ने बताया कि अचानक आई बाढ़ अपने साथ भारी मात्रा में कीचड़ और बड़े-बड़े पत्थर प्रोजेक्ट क्षेत्र में ले आई, जिससे ट्रकों, डोजर और अन्य निर्माण उपकरणों सहित कई गाडिय़ां मलबे में दब गईं. निर्माण सामग्री को भी नुकसान पहुंचा है.
उन्होंने बताया कि कई वाहनों को भारी नुकसान हुआ है और वे अब भी मलबे के नीचे फंसे हुए हैं. फंसे हुए वाहनों को बाहर निकालने और प्रभावित जगह को फिर से ठीक करने के लिए मलबा हटाने का काम जारी है. अधिकारियों ने बताया कि रियासी जिले के ऊंचाई वाले इलाकों से भी अचानक आई बाढ़ की छोटी-मोटी घटनाएं सामने आई हैं.
प्रशासन ने पहले ही मौसम की चेतावनी जारी कर जम्मू-कश्मीर के संवेदनशील इलाकों में भारी बारिश, गरज-चमक, अचानक बाढ़ और भूस्खलन की आशंका जताई थी. साथ ही, लोगों से, विशेषकर नदियों और नालों के पास रहने वालों से सतर्क रहने और असुरक्षित जगहों पर न जाने की अपील की थी.
मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार सुबह 8:30 बजे समाप्त हुए पिछले 24 घंटों के दौरान जम्मू क्षेत्र में सबसे अधिक 90 मिमी बारिश सांबा में दर्ज की गई. इसके बाद कठुआ में 66.2 मिमी, कटरा में 44.4 मिमी, डोडा में 42 मिमी, जम्मू में 41.8 मिमी, उधमपुर में 40.6 मिमी, भद्रवाह में 33.6 मिमी, किश्तवाड़ में 24 मिमी, रियासी में 10.5 मिमी, बटोट में 4.7 मिमी, रामबन में 4.5 मिमी और बनिहाल में 0.4 मिमी बारिश दर्ज की गई.
००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

