राजनांदगांव, 06 जुलाईं (आरएनएस)। राजनांदगांव जिले की तुमडीबोड़ पुलिस ने हाईवे पर खड़े ट्रकों से डीजल चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए मध्यप्रदेश के तीन शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों के खिलाफ बालोद, दुर्ग और खैरागढ़ जिलों में भी डीजल चोरी सहित एक दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं।
पुलिस के अनुसार, प्रार्थी रवि कुमार यादव ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 27 दिसंबर 2025 की रात ग्राम टप्पा स्थित अरिहंत फ्यूल्स पेट्रोल पंप परिसर में खड़े ट्रक से अज्ञात चोर करीब 300 लीटर डीजल चोरी कर ले गए थे। शिकायत के आधार पर पुलिस चौकी तुमडीबोड़ में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान तुमडीबोड़ पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण किया। इसमें सामने आया कि आरोपी वारदात को अंजाम देने के लिए सफेद रंग की स्कॉर्पियो का इस्तेमाल कर रहे थे।
तकनीकी साक्ष्यों और अन्य सूचनाओं के आधार पर पुलिस ने आरोपियों की पहचान की। इसी दौरान पता चला कि बालोद जिले में डीजल चोरी के एक अन्य मामले में गिरफ्तार 11 आरोपियों के गिरोह में ये तीनों भी शामिल हैं और जिला जेल बालोद में बंद हैं।
इसके बाद पुलिस ने प्रोडक्शन वारंट पर आरोपियों को राजनांदगांव लाकर पूछताछ की और विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपी
अरुण फुलेरिया (22 वर्ष), निवासी शाजापुर, मध्यप्रदेश।
शिवपाल वाल्मीकी (19 वर्ष), निवासी शाजापुर, मध्यप्रदेश।
राहुल चंदेल (28 वर्ष), निवासी शाजापुर, मध्यप्रदेश।
पुलिस ने बताया कि घटना में प्रयुक्त स्कॉर्पियो वाहन पहले ही बालोद जिले के एक अन्य डीजल चोरी मामले में जब्त किया जा चुका है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर तथा नगर पुलिस अधीक्षक वैशाली जैन के मार्गदर्शन में की गई। मामले की जांच और आरोपियों की गिरफ्तारी में तुमडीबोड़ चौकी पुलिस और साइबर सेल की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
०
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

