तमाड़ 07 Jully (Rns) :-बुंडू थाना क्षेत्र में 19 जून को सुमनडीह गांव के समीप तेतरटांड़ जंगल से बरामद सिरकटे और अधजले शव की गुत्थी 17 दिनों बाद पुलिस ने सुलझा ली है। मामले में मृतक तमाड़ थाना क्षेत्र के मांझीडीह निवासी संजय लोहरा की पत्नी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर तमाड़ थाना क्षेत्र के सुंदरडीह स्थित रानी वन से जमीन में दबा मृतक का कटा हुआ सिर भी बरामद कर लिया। हत्या में प्रयुक्त कार भी जब्त कर ली गई है।
बुंडू डीएसपी ओमप्रकाश ने बताया कि 19 जून को बरामद सिरकटा और अधजला शव पुलिस के लिए ब्लाइंड मर्डर था। मृतक का सिर नहीं मिलने के कारण जांच चुनौतीपूर्ण थी। लगातार 17 दिनों तक तकनीकी साक्ष्यों, फॉरेंसिक जांच और वैज्ञानिक अनुसंधान के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंचने में सफल रही। पूछताछ के दौरान आरोपी प्रेमी की निशानदेही पर सुंदरडीह के रानी वन से सिर बरामद किया गया। बरामदगी के दौरान बुंडू डीएसपी ओमप्रकाश, तमाड़ अंचल अधिकारी समरेश प्रसाद भंडारी, बुंडू थाना प्रभारी जयदीप टोप्पो, तमाड़ थाना प्रभारी दुलाल कुमार महतो, बुंडू एसआई रंजीत कुमार, एफएसएल टीम तथा पुलिस बल मौजूद रहे।
डीएसपी ने बताया कि अब तक की जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा सामने आया है। पुलिस के अनुसार, मृतक की पत्नी ने अपने प्रेमी और उसके दो अन्य साथियों के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची। मामले में अब तक चार लोगों की संलिप्तता सामने आई है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है

