चेन्नई 07 Jully । तमिलनाडु में मदिरा प्रेमियों की जेब पर जल्द ही अतिरिक्त बोझ पड़ने की संभावना है। राज्य सरकार अपने यहां शराब के दामों में 10 रुपये से लेकर 50 रुपये प्रति बोतल तक की बढ़ोतरी करने पर गंभीरता से विचार कर रही है। सचिवालय में शराबबंदी और आबकारी मंत्री के. विग्नेश की अगुवाई में तमिलनाडु राज्य विपणन निगम (टास्माक) की बोर्ड बैठक के दौरान इस नीतिगत प्रस्ताव पर गहन मंथन किया गया। माना जा रहा है कि इस सप्ताहांत से ही नई बढ़ी हुई दरें पूरे सूबे में प्रभावी की जा सकती हैं।
साधारण ब्रांड से लेकर प्रीमियम श्रेणी तक के नए दाम
सामने आ रहे संभावित आंकड़ों के मुताबिक, साधारण और मध्यम दर्जे के ब्रांड्स की कीमतों में 10 से 20 रुपये प्रति बोतल की वृद्धि देखी जा सकती है। वहीं, जो उपभोक्ता प्रीमियम और विदेशी शराब (आईएमएफएल) के शौकीन हैं, उन्हें हर बोतल के लिए 30 से 50 रुपये तक अधिक जेब ढीली करनी पड़ सकती है। इसके साथ ही बीयर की प्रति बोतल पर भी न्यूनतम 10 रुपये का इजाफा होने का अनुमान लगाया जा रहा है। हालांकि, इस प्रस्ताव पर अभी अंतिम मुहर लगना बाकी है। इससे पहले राज्य में आख़िरी बार मदिरा की कीमतों में संशोधन 1 फरवरी, 2024 को हुआ था। यदि वर्तमान बढ़ोतरी को हरी झंडी मिलती है, तो यह दो साल से अधिक समय के बाद कीमतों में होने वाला पहला बदलाव माना जाएगा

