कोरबा/बलरामपुर, 07 जुलाई (आरएनएस)। छत्तीसगढ़ से एक मानवीय और प्रेरणादायक घटना सामने आई है। कोरबा से पटना जा रही एक यात्री बस सफर के दौरान अचानक डिलीवरी रूम में बदल गई, जब एक गर्भवती महिला को तेज प्रसव पीड़ा शुरू हो गई। बस में मौजूद महिला यात्रियों की सूझबूझ और सहयोग से महिला ने सुरक्षित रूप से एक स्वस्थ बच्चे को जन्म दिया।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार रात तेज बारिश के बीच राजहंस बस कोरबा से पटना के लिए रवाना हुई थी। बस में कोरबा निवासी गर्भवती महिला अपने पति के साथ यात्रा कर रही थी। रात करीब 11 बजे अंबिकापुर पार करने के बाद महिला को अचानक प्रसव पीड़ा शुरू हो गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए बस चालक ने तत्काल वाहन को सड़क किनारे रोक दिया।
इसके बाद बस में सवार महिला यात्री सुनती देवी सहित अन्य महिलाओं ने साहस और तत्परता दिखाते हुए प्रसूता की सहायता की। यात्रियों के सहयोग से बस में ही सुरक्षित प्रसव कराया गया और महिला ने एक स्वस्थ बच्चे को जन्म दिया।
प्रसव के बाद बस बलरामपुर पहुंची, जहां करीब आधे घंटे बाद मां और नवजात को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों के अनुसार, दोनों पूरी तरह स्वस्थ हैं और उनका उपचार एवं देखभाल जारी है।
बताया जा रहा है कि प्रसूता कोरबा की रहने वाली है और यह उसका पहला बच्चा है। घटना के समय बस में करीब 30 से 35 यात्री सवार थे। नवजात के जन्म के बाद बस में खुशी का माहौल बन गया। कई यात्रियों ने नवजात और उसके परिवार की सहायता के लिए स्वेच्छा से आर्थिक सहयोग भी किया।
यह घटना न केवल मानवीय संवेदनाओं का उदाहरण है, बल्कि आपात स्थिति में यात्रियों की एकजुटता और मदद की भावना को भी दर्शाती है।
0
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

