कोरबा, 07 जुलाई (आरएनएस)। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के पर्यटन स्थल सतरेंगा में पिकनिक मनाने गए एक 24 वर्षीय स्श्वष्टरु कर्मी की नदी में डूबने से मौत हो गई। नगर सेना की रेस्क्यू टीम ने सोमवार देर शाम कड़ी मशक्कत के बाद युवक का शव नदी से बरामद किया। हादसे के बाद मृतक के परिवार में शोक की लहर है।
जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान सुभांशु ध्रुव (24) निवासी कोरबा के रूप में हुई है। वह रविवार को अपने पांच दोस्तों के साथ सतरेंगा पिकनिक मनाने गया था। इस दौरान सभी दोस्त नदी के बीच स्थित एक टापू तक जाने का प्रयास कर रहे थे। बताया जा रहा है कि बीच रास्ते से सुभांशु वापस लौटने लगा, लेकिन अचानक गहरे पानी में चला गया और डूब गया।
घटना के बाद आसपास मौजूद ग्रामीणों ने उसे बचाने और तलाशने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद श्यांग पुलिस और लेमरु थाना पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और तलाश अभियान शुरू किया, लेकिन अंधेरा होने और पानी के तेज बहाव के कारण रविवार रात रेस्क्यू ऑपरेशन रोकना पड़ा।
सोमवार सुबह नगर सेना की रेस्क्यू टीम ने दोबारा सर्च ऑपरेशन शुरू किया। दिनभर चले अभियान के बाद देर शाम सुभांशु का शव नदी से बाहर निकाला गया। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
बताया जा रहा है कि सुभांशु के पिता का चार वर्ष पहले निधन हो गया था। इसके बाद उसे अनुकंपा नियुक्ति के तहत SECL में नौकरी मिली थी। वह पिछले करीब ढाई वर्षों से SECL कोरबा क्षेत्र की सेंट्रल वर्कशॉप में कार्यरत था। परिवार का एकमात्र कमाने वाला सदस्य होने के कारण उसकी असमय मौत से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि बारिश के मौसम में नदी, बांध और जलाशयों में गहरे पानी में जाने से बचें तथा पिकनिक के दौरान सुरक्षा नियमों का पालन करें, ताकि इस तरह की दुखद घटनाओं से बचा जा सके।
0
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

