गरियाबंद, 07 जुलाई (आरएनएस)। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में कोटवार नियुक्ति को लेकर विवाद गहरा गया है। देवभोग तहसील के ख़ुटगांव ग्राम पंचायत में नए कोटवार की नियुक्ति पर ग्रामीणों ने गंभीर अनियमितता का आरोप लगाते हुए तहसीलदार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। मंगलवार को 100 से अधिक ग्रामीण तहसील कार्यालय पहुंचे और नियुक्ति का विरोध जताते हुए कार्रवाई की मांग की।

ग्रामीणों का आरोप है कि तत्कालीन कोटवार गुलाब बघेल के निधन के बाद परंपरा और नियमों के अनुसार उनके परिवार से ही उत्तराधिकारी की नियुक्ति की जानी थी। इसके लिए ग्राम सभा आयोजित कर पंचायत ने वास्तविक उत्तराधिकारी का नाम भी प्रस्तावित किया था, लेकिन आरोप है कि तहसीलदार ने नियमों की अनदेखी करते हुए दूसरे परिवार की एक महिला को कोटवार नियुक्त कर दिया।
ग्रामीणों का कहना है कि यह नियुक्ति नियमों के विपरीत की गई है और ग्राम सभा की अनुशंसा को नजरअंदाज किया गया है। इसे लेकर गांव में भारी नाराजगी है।
वहीं, ग्राम सरपंच ने चेतावनी दी है कि यदि नियुक्ति निरस्त नहीं की गई तो मामले को संभागायुक्त (कमिश्नर) कार्यालय और न्यायालय तक ले जाया जाएगा।
दूसरी ओर, तहसीलदार ने सभी आरोपों को खारिज करते हुए कहा है कि कोटवार की नियुक्ति शासन के निर्धारित नियमों और उन्हें प्राप्त वैधानिक अधिकारों के तहत विधिवत की गई है।
फिलहाल इस विवाद को लेकर ग्रामीणों और प्रशासन के बीच टकराव की स्थिति बनी हुई है। अब सभी की नजर प्रशासन के अगले कदम और संभावित कानूनी कार्रवाई पर टिकी है।
0

