जशपुर,07 जुलाईं (आरएनएस)। अपराध अनुसंधान को आधुनिक और तकनीक आधारित बनाने की दिशा में जशपुर पुलिस को बड़ी सौगात मिली है। पुलिस मुख्यालय रायपुर द्वारा ASUMP Scheme w®wz-w{ (Modern/Special Plan) के तहत जिले के विवेचकों के लिए सैमसंग कंपनी के 104 स्मार्ट मोबाइल उपलब्ध कराए गए हैं। इन मोबाइलों का वितरण डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने पुलिस कार्यालय जशपुर में आयोजित कार्यक्रम में किया।कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार पाटनवार, एसडीओपी बगीचा दिलीप कुमार कोसले, एसडीओपी पत्थलगांव ध्रुवेश कुमार जायसवाल तथा उप पुलिस अधीक्षक भावेश समरथ सहित जिले के सभी विवेचक उपस्थित रहे।डीआईजी एवं एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि स्मार्ट मोबाइल मिलने से विवेचना कार्य अधिक आधुनिक, पारदर्शी और प्रभावी होगा। इनके माध्यम से विवेचक घटनास्थल का फोटो और वीडियो दस्तावेजीकरण, ई-साक्ष्य संकलन, गवाहों के डिजिटल बयान, जब्ती प्रक्रिया की फोटो-वीडियो रिकॉर्डिंग तथा अन्य महत्वपूर्ण डिजिटल साक्ष्यों को सुरक्षित और व्यवस्थित रूप से संकलित कर सकेंगे।उन्होंने कहा कि वैज्ञानिक और तकनीकी साक्ष्यों पर आधारित विवेचना से न्यायिक प्रक्रिया और अधिक मजबूत होगी। डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों के खिलाफ ठोस प्रमाण प्रस्तुत किए जा सकेंगे, जिससे न्यायालय में दोषसिद्धि की संभावना बढ़ेगी और पीडि़तों को त्वरित न्याय दिलाने में सहायता मिलेगी।जशपुर पुलिस के अनुसार, यह पहल तकनीक आधारित पुलिसिंग को बढ़ावा देने के साथ-साथ अपराध अनुसंधान की गुणवत्ता में सुधार लाने और विवेचना प्रक्रिया को अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।
०००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

